मुंबई: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 7 से 11 जून के बीच लंदन के ओवल मैदान पर आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल मुकाबला खेला जाना है। 7 से 11 जून के बीच खेले जाने वाले इस खिताबी मुकाबले से पहले पिछले बार की उपविजेता टीम इंडिया चोटों के जाल में फंसती जा रही है। शुक्रवार को आईपीएल के दौरान चोटिल होने वाले लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान केएल राहुल के वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप से बाहर होने का आधिकारिक तौर पर ऐलान हो गया।
केएल राहुल और जयदेव उनादकट (साभार IPL/BCCI)
राहुल बने डब्लूटीसी फाइनल से बाहर होने वाले चौथे भारतीय
केएल राहुल के चोटिल होने के बाद भारतीय टीम का लगातार दूसरी बार आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियन बनने का सपना टूटता नजर आ रहा है। टीम के चार धाकड़ खिलाड़ी पहले ही वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप से बाहर हो चुके हैं। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप से बाहर होने वाले धाकड़ भारतीय खिलाड़ियों में विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत, तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह, श्रेयस अय्यर और केएल राहुल का नाम शामिल है। चारों खिलाड़ियों की सर्जरी हुई है या होनी है। वहीं खिताबी भिड़ंत के लिए टीम में शामिल किए गए सौराष्ट्र के कप्तान और तेज गेंदबाज जयदेव उनादकट की चोट भी टीम के लिए चिंता का विषय बनी हुई है।
उनादकट के ऊपर भी लटक रही है तलवार
जयदेव उनादकट आईपीएल 2023 के लिए लखनऊ सुपर जायंट्स का हिस्सा हैं। उनादकट के बांए हाथ के कंधे में चोट लगी है। अभ्यास के दौरान उनका कंधा चोटिल हो गया था। अभ्यास के दौरान उनका बांया पैर रस्सी में फंस गया था और वो बांए कंधे के बल पर गिर गए। इसके बाद उन्हें कंधे पर आइस पैक लगाए देखा गया था।
रीहैब के लिए एनसीए जाएंगे उनादकट
इसके बाद उनादकट को स्कैन के लिए मुंबई भेज दिया गया था। जहां उन्होंने बीसीसीआई द्वारा नियुक्त किए गए एक स्पेशलिस्ट से मुलाकाता की। बीसीसीआई के मेडिकल स्टाफ और लखनऊ सुपर जायंट्स ने आपसी सहमति से उनादकट को आईपीएल से बाहर जाने का निर्देश दिया। माना जा रहा है कि वो नेशनल क्रिकेट अकादमी बेंगलुरू रीहैब के लिए जाएंगे और इंग्लैंड रवाना होने से पहले फिट हो जाएंगे। लेकिन इस बारे में अबतक आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं हो सकी है।
भारतीय टीम में अनुभवी अजिंक्य रहाणे की वापसी हो चुकी है। केएल राहुल की जगह ईशान किशन को टीम में शामिल किया जा सकता है। सूर्यकुमार यादव को भी मौका दिए जाने की अटकलें लग रही हैं। ऐसे में कौन से खिलाड़ी इंग्लैंड ऑस्ट्रेलिया से लोहा लेने जाएंगे ये देखने की बात होगी।
