IND W vs AUS W, T20 World Cup 2026: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ करो या मरो के मुकाबले में उतरेगी टीम इंडिया, सेमीफाइनल में एंट्री पर है नजर

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच विमेंस टी20 विश्व कप 2026 में रविवार को भिड़ंत होगी। टीम इंडिया को सेमीफाइनल में एंट्री के लिए ऑस्ट्रेलिया को हराना ही होगा। ये मुकाबला टीम इंडिया के लिए करो या मरो वाला है। जानिए मैच से जुड़ी जरूरी बातें।

लंदन: मध्यक्रम के बल्लेबाजों के नहीं चल पाने और खराब क्षेत्ररक्षण के कारण अब तक अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाने वाली भारतीय टीम को अगर महिला टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में जगह बनानी है तो उसे ऑस्ट्रेलिया की मजबूत टीम के खिलाफ रविवार को यहां होने वाले ग्रुप ए के अपने अंतिम मैच में खेल के हर विभाग में अच्छा प्रदर्शन करना होगा। भारतीय टीम के लिए यह मैच करो या मरो जैसा है। इस ग्रुप के अंतिम दो मैच से सेमीफाइनल में पहुंचने वाली टीमों का निर्धारण होगा। इन मैच में दक्षिण अफ्रीका (छह अंक) लॉर्ड्स में बांग्लादेश (चार) से भिड़ेगा, जिसके बाद भारत (छह) का सामना अपराजित ऑस्ट्रेलिया (आठ) से होगा।

Indian Women Cricket team

भारतीय महिला क्रिकेट टीम (फोटो क्रेडिट BCCI Women X)

वर्चुअल क्वार्टर फाइनल बना मुकाबला

दक्षिण अफ्रीका के बांग्लादेश के खिलाफ शानदार रिकॉर्ड (12 मैचों में 9-2) को देखते हुए भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच होने वाला मुकाबला क्वार्टर फाइनल जैसा होने की उम्मीद है। अगर पिछली बार फाइनल में पहुंचने वाली दक्षिण अफ्रीका की टीम उम्मीद के मुताबिक जीत जाती है, तो भारत को क्वालीफाई करने के लिए ऑस्ट्रेलिया को हराना होगा। ऐसी स्थिति में इस मैच में हार से मौजूदा वनडे विश्व चैंपियन की उम्मीदें खत्म हो जाएंगी। दूसरी तरफ ऑस्ट्रेलिया आठ अंकों और 4.724 के बेहतर नेट रन रेट की बदौलत हार के बावजूद भी आगे बढ़ सकता है। बांग्लादेश अगर दक्षिण अफ्रीका को हरा देता है तो भारत पर से दबाव कम हो जाएगा क्योंकि हार के बावजूद भी हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली टीम अंतिम चार में जगह बना सकती है अगर उसका नेट रन रेट 2.268 दक्षिण अफ्रीका के मौजूदा 0.734 से बेहतर बना रहता है।

End of Feed