Asia Cup Final: महामुकाबले से पहले पाकिस्तान को लग सकता है झटका, BCCI की शिकायत के बाद रऊफ और फरहान पर कार्रवाई संभव

एशिया कप का फाइनल पहली बार रविवार को भारत-पाकिस्तान के बीच खेला जाएगा, लेकिन इस मुकाबले से पहले माहौल गर्म हो चुका है। सुपर-फोर के दूसरे मुकाबले में पाकिस्तान के कुछ खिलाड़ियों ने आपत्तिजनक इशारे किए थे, जिन पर अब आईसीसी बड़ी कार्रवाई करने के मूड में है। इन खिलाड़ियों की सुनवाई पूरी हो चुकी है।

भारत के खिलाफ एशिया कप मैच के दौरान कथित तौर पर भड़काऊ भाव भंगिमा के लिए पाकिस्तानी क्रिकेटरों हारिस रऊफ और साहिबजादा फरहान के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की सुनवाई शुक्रवार को पूरी हो गई और टूर्नामेंट के सूत्रों के अनुसार इन दोनों के कुछ इशारों के लिए प्रतिबंध की संभावना है। पता चला है कि भारत के खिलाफ पिछले रविवार को हुए मैच के दौरान ‘अभद्र भाषा और आक्रामक इशारों’ के लिए रऊफ पर जुर्माना लगाया जा सकता है।

IND vs PAK

भारत-पाकिस्तान एशिया कप फाइनल (साभार- ACC)

वहीं दूसरी ओर फरहान ने खुद को निर्दोष बताते हुए दावा किया कि पाकिस्तान में उनकी पख्तून जनजाति में गोलीबारी का जश्न मनाना पारंपरिक तरीका है इसलिए उन्होंने किसी भी आचार संहिता का उल्लंघन नहीं किया है। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने दोनों खिलाड़ियों पर भड़काऊ इशारे करने का आरोप लगाया है। दोनों टीमें रविवार को एशिया कप फाइनल में आमने सामने होंगी।

End of Feed