सिर मुंडवाते ही ओले पड़ना, शायद इसी को कहते हैं। भारत के खिलाफ सबसे शर्मनाक हार झेलने का दर्द अभी कम भी नहीं हुआ था कि पाकिस्तान विमेंस टीम की कप्तान फातिमा सना पर आईसीसी ने जुर्माना लगा दिया। उन पर मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। फातिमा को आईसीसी कोड ऑफ कंडक्ट लेवल-1 के उल्लंघन का दोषी पाया गया है। उन्होंने शनिवार को भारत के खिलाफ मैच के दौरान अनुच्छेद 2.5 का उल्लंघन किया था। इसके तहत किसी बल्लेबाज को आउट करने पर कुछ कमेंट करना या फिर बल्लेबाज के खिलाफ अपने हावभाव का प्रदर्शन करना शामिल है जो अपमानजनक हो। यह घटना तब घटी जब फातिमा ने शेफाली वर्मा को आउट करने के बाद उन्हें पवेलियन की ओर जाने का इशारा किया था।
फातिमा सना (साभार-ScreenGrab)
फातिमा का 24 महीने के भीतर यह इस तरह का दूसरा अपराध है, जिससे उनके कुल डिमेरिट प्वाइंट की संख्या दो हो गई। इससे पहले उन्हें 6 अगस्त, 2025 को डबलिन में आयरलैंड के खिलाफ खेले गए टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान एक डिमेरिट प्वाइंट मिला था। भारत के हाथों पाकिस्तान की करारी हार के बावजूद फातिमा ने गेंद से अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने भारत के 3 विकेट चटकाए थे। हालांकि, इसके बावजूद भारत ने 7 विकेट से यह मुकाबला अपना नाम किया था। भारत ने सबसे ज्यादा गेंद शेष रहने के मामले में सबसे बड़ी जीत दर्ज की थी। भारत ने यह मुकाबला 84 गेंद शेष रहते अपने नाम कर लिया था।
फातिमा ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। लेवल-1 का दोषी पाए जाने की स्थिति में कम से कम जुर्माना लगाया जा सकता है। ऐसी स्थिति में ज्यादा से ज्यादा किसी खिलाड़ी के मैच फीस का 50 प्रतिशत जुर्माना साथ में एक या दो डिमेरिट प्वाइंट दिया जाता है। भारतीय टीम अपने ग्रुप से सेमीफाइनल में पहुंच चुकी है जबकि पाकिस्तान को अंतिम चार में जगह बनाने के लिए हांगकांग के खिलाफ अपना आखिरी मुकाबला जीतना होगा।
टाइम्सनाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें- ईशान किशन ने जड़ा फर्स्ट क्लास क्रिकेट का पहला दोहरा शतक, विशाल स्कोर की ईस्ट जोन की टीम
