IND vs SA: क्रिकेट नहीं खेल पाऊंगा, दूसरे वनडे से पहले हर्षित राणा का ट्रोलर्स को जवाब

IND vs SA: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच 3 मैच की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला बुधवार को रायपुर में खेला जाएगा। इस मुकाबले से पहले तेज गेंदबाज हर्षित राणा ने ट्रोलर्स को करारा जवाब दिया।

IND vs SA: भारत के मुख्य कोच गौतम गंभीर द्वारा कथित तौर पर पक्ष लेने के लिए निशाने पर रहने वाले तेज गेंदबाज हर्षित राणा ने ट्रोलर्स को जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि वह बाहर के किसी भी शोर पर ध्यान नहीं देते क्योंकि ऐसा करने से वह खुलकर क्रिकेट नहीं खेल पाएंगे। गंभीर के कार्यकाल में 23 साल के इस तेज गेंदबाज ने पिछले साल ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान पर्थ टेस्ट में अंतरराष्ट्रीय पदार्पण के बाद भारत के लिए सभी प्रारूपों में पदार्पण किया है। हालांकि हर्षित ने अपने प्रदर्शन से सभी प्रारूपों में काफी प्रभावशाली प्रदर्शन नहीं किया है लेकिन उन्हें टीम के मुख्य कोच का पूरा समर्थन मिला है।

Harshit Rana

हर्षित राणा (साभार-BCCI)

हर्षित से जब पूछा गया कि वह सोशल मीडिया पर प्रशंसकों सहित अन्य लोगों की आलोचना से कैसे निपटते हैं तो उन्होंने कहा, ‘‘अगर मैं इन सब बातों को सुनना शुरू कर दूं और उन्हें अपने दिमाग में रखकर मैदान पर उतरूं तो मैं क्रिकेट नहीं खेल पाऊंगा।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैं जितना हो सके इससे बचने की कोशिश करता हूं। मैं बस इस बात पर ध्यान देता हूं कि मुझे मैदान पर क्या करना है। मुझे इस बात की परवाह नहीं है कि बाहर क्या हो रहा है या कोई मेरे बारे में क्या कह रहा है।’’ शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम में भारत के ट्रेनिंग सत्र से पहले उन्होंने कहा, ‘‘मैं बस अपनी कड़ी मेहनत और मैदान पर क्या करने वाला हूं इस पर ध्यान देता हूं।’’

End of Feed