Harshit Rana Included In India Squad For Chennai ODI: टीम इंडिया और मेहमान अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के बीच जारी तीन वनडे अंतरराष्ट्रीय मैचों की सीरीज (IND vs AFG ODI Series 2026) में शुभमन गिल की अगुवाई वाली भारतीय वनडे टीम ने 2-0 की अजेय बढ़त बनाते हुए ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया है। अब सीरीज में सिर्फ एक मैच बाकी है, जो चेन्नई में खेला जाएगा। तीसरे वनडे से पहले बीसीसीआई ने टीम में तेज गेंदबाज हर्षित राणा को शामिल करने का फैसला लिया है।
हर्षित राणा की भारतीय वनडे टीम में वापसी
बीसीसीआई की राष्ट्रीय पुरुष चयन समिति ने अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे और आखिरी वनडे अंतरराष्ट्रीय मैच के लिए हर्षित राणा को भारतीय टीम में शामिल कर लिया है। हर्षित राणा, जिन्होंने BCCI सेंटर ऑफ़ एक्सीलेंस (COE) में अपना रिहैबिलिटेशन पूरा कर लिया है, चेन्नई में वनडे टीम के साथ जुड़ गए हैं।
हर्षित राणा ने 18 जनवरी 2026 को इंदौर में न्यूजीलैंड के खिलाफ अपना आखिरी वनडे मैच खेला था। उस मुकाबले में वो काफी महंगे साबित हुए थे। हर्षित ने न्यूजीलैंड के खिलाफ उस वनडे मुकाबले में 10 ओवर में 84 रन लुटाते हुए 3 विकेट लिए थे। यही नहीं, न्यूजीलैंड के खिलाफ उस तीन वनडे मैचों की सीरीज के शुरुआती दो मैचों में भी हर्षित ने जमकर रन लुटाए थे। पहले वनडे में हर्षित ने 10 ओवर में 65 रन लुटाए थे, जबकि दूसरे वनडे मैच में उन्होंने 9.3 ओवर में 52 रन गंवा दिए थे। अब उनको एक बार फिर 50 ओवर फॉर्मेट में वापसी का मौका मिला है। अब देखना ये होगा कि प्लेइंग-11 में उनको किसकी जगह खिलाया जाता है।
अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे वनडे के लिए अपडेटेड टीम इंडिया
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, श्रेयस अय्यर (उप-कप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), नितीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, हर्ष दुबे, यशस्वी जायसवाल, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, प्रिंस यादव, गुरनूर बरार और हर्षित राणा।
