वनडे वर्ल्ड कप 2027 के लिए टीम इंडिया में ऑडिशन जारी है और हर कोई अपना बेस्ट देकर टॉप-15 में जगह बना लेना चाहता है। बल्लेबाज तो तय हैं, लेकिन गेंदबाजी लाइनअप में अभी भी जगह खाली है। इस क्रम में सोमवार को विदर्भ के स्पिन गेंदबाज हर्ष दुबे ने अपनी गेंदबाजी से सनसनी मचा दी। रणजी ट्रॉफी में मध्यप्रदेश के खिलाफ हर्ष ने घरेलू क्रिकेट की ड्रीम स्पेल डाली जिसके सामने एमपी के बल्लेबाज बेदम नजर आए। हर्ष दुबे ने 23.1 ओवर की गेंदबाजी में केवल 53 रन देकर 9 विकेट चटकाए। उनके इस दमदार स्पेल का ही नतीजा था कि मध्यप्रदेश की पहली पारी केवल 209 रन बनाकर सिमट गई। नचिकेत भुते ने एक खिलाड़ी को आउट किया नहीं तो 10 विकेट लेकर हर्ष रिकॉर्ड बुक में दर्ज हो जाते।
हर्ष दुबे (साभार-X)
मध्यप्रदेश की ओर से अथर्व महाजन ने सर्वाधिक 85 रन की पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में 5 चौके और 3 छक्के जड़े। अथर्व के अलावा सारांश जैन ने 34 रन की पारी खेली। एमपी के कप्तान रजत पाटीदार एकबार फिर असफल रहे और केवल 2 रन बनाकर आउट हो गए।
जून में किया इंटरनेशनल डेब्यू
हर्ष दुबे ने बीते जून में अफगानिस्तान के खिलाफ अपने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का डेब्यू किया था। 2 मैच में हर्ष दुबे ने 85 रन देकर 4 विकेट चटकाए। उन्होंने अपना आईपीएल डेब्यू पिछले सीजन किया था। सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से खेलने वाले हर्ष दुबे ने 11 मैच में 13 विकेट चटकाए थे। हर्ष ने 32 फर्स्ट क्लास मैच, 32 लिस्ट ए मैच और 38 टी20 मैच में क्रमश: 158, 35 और 34 विकेट चटकाए हैं। स्पिन गेंदबाजी के साथ-साथ हर्ष बल्लेबाजी भी कर सकते हैं। फर्स्ट क्लास मैच में उनके नाम 1211, लिस्ट ए में 296 और 38 टी20 में 177 रन बनाए हैं। रणजी ट्रॉफी में इस स्पेल के बाद एक बार फिर वह सुर्खियों में आ गए हैं।
