India vs England 2nd Test: एजबेस्टन में चल रहे दूसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन के खात्मे पर इंग्लैंड के युवा बल्लेबाज हैरी ब्रुक ने एक बड़ा बयान दिया है। भारत ने दूसरी पारी में 64/1 का स्कोर खड़ा कर 244 रनों की मजबूत बढ़त बना ली है, लेकिन ब्रुक को विश्वास है कि अगर चौथे दिन सुबह जल्दी कुछ विकेट मिल गए तो भारतीय टीम फिर से ढह सकती है। उन्होंने मैच के बाद हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "हां, फिलहाल भारत मैच में आगे है, लेकिन अगर हमें सुबह 3-4 विकेट जल्दी मिल गए तो मैच का रुख कभी भी पलट सकता है। हमने पिछले हफ्ते हीडिंग्ली में देखा था कि कैसे हमने भारत को पहली पारी में 7 विकेट 30 रन पर और दूसरी पारी में 6 विकेट 40 रन पर ढहाया था। आज उन्होंने भी हमारे साथ ऐसा ही किया। क्रिकेट में सब कुछ बहुत तेजी से बदलता है।"
हैरी ब्रूक (फोटो- AP)
ब्रुक ने आगे कहा कि इंग्लैंड की टीम भारत द्वारा तय किए गए किसी भी लक्ष्य को चेज करने का प्रयास करेगी। उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि पूरी दुनिया जानती है कि हम उनके द्वारा तय किए गए किसी भी स्कोर को चेज करने की कोशिश करेंगे। इसलिए हमारे सामने कल सुबह एक बड़ा काम है। हम जल्द से जल्द कुछ विकेट लेकर उन पर दबाव बनाने की कोशिश करेंगे।"
बड़े स्कोर का पीछा करने में माहिर हैं इंग्लैंड
इंग्लैंड की टीम के पास बड़े लक्ष्यों का पीछा करने का प्रभावशाली रिकॉर्ड रहा है। इसी सीरीज के पहले टेस्ट में उन्होंने 371 रनों का दूसरा सबसे बड़ा सफल रन चेज करके टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई थी। इससे पहले 2022 में भी एजबेस्टन में ही उन्होंने भारत के खिलाफ टेस्ट इतिहास का अपना सर्वोच्च सफल रन चेज (378 रन) बनाया था। इसलिए भारतीय टीम को सावधान रहने की जरूरत है क्योंकि अगर वे इंग्लैंड को 300 से अधिक का लक्ष्य देते हैं तो हो सकता है कि इंग्लैंड फिर से जीत का जादू दिखा दे।
मजबूत स्थिति में भारत
मैच की मौजूदा स्थिति पर नजर डालें तो भारत ने दूसरी पारी में यशस्वी जयसवाल (35) और शुभमन गिल (26) की बल्लेबाजी से 64/1 का स्कोर खड़ा किया है और कुल मिलाकर 244 रनों की बढ़त बना ली है। भारत का लक्ष्य अब कम से कम 350+ का स्कोर बनाकर इंग्लैंड पर दबाव डालना होगा। वहीं दूसरी ओर इंग्लैंड की रणनीति सुबह जल्दी विकेट लेकर भारत को 250-275 के आसपास सीमित करने की होगी।
रोमांचक मोड़ पर मैच
पहले टेस्ट में भारत की बल्लेबाजी दोनों पारियों में 13 विकेट महज 71 रन में गिर गई थी। अगर इंग्लैंड को चौथे दिन सुबह जल्दी सफलता मिलती है तो मैच फिर से रोमांचक हो सकता है। चौथे दिन का खेल सुबह 3:30 बजे IST से शुरू होगा। सवाल यह है कि क्या भारत अपनी बढ़त को मजबूत कर पाएगा या फिर इंग्लैंड फिर से जीत का जादू दिखाएगा? क्रिकेट प्रेमियों के लिए चौथा दिन निश्चित रूप से दिलचस्प होने वाला है।
