स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। पाकिस्तान के दिग्गज तेज गेंदबाज हारिस रऊफ को 2026 टी20 विश्व कप के लिए पाकिस्तानी टीम से बाहर किए जाने की संभावना है। एशिया कप में तिलक वर्मा द्वारा जमकर रन बनाने के बाद रऊफ को टीम से बाहर कर दिया गया है। कई सालों तक हारिस पाकिस्तान के लिए मैच विजेता रहे थे।
हारिस रऊफ का टी20 करियर खतरे में। फाइल फोटो
जियो न्यूज की एक रिपोर्ट के अनुसार, भारत के खिलाफ रऊफ के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद कोच माइक हेसन उन्हें टी20 विश्व कप टीम में नहीं रखना चाहते। रऊफ ने पाकिस्तान के लिए 95 मैचों में 133 विकेट लिए हैं, लेकिन पाकिस्तान टीम में उनका भविष्य खतरे में दिख रहा है।
पाकिस्तान विश्व कप टीम की घोषणा कब करेगा?
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने अभी तक टी20 वर्ल्ड कप के लिए अपनी टीम की घोषणा नहीं की है, लेकिन खबरों के मुताबिक उन्होंने आईसीसी को संभावित टीम की सूची सौंप दी है। पाकिस्तान 29 जनवरी से अपने घरेलू मैदान पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेलेगा। इस सीरीज और टी20 विश्व कप के लिए टीमों की घोषणा सीरीज से पहले एक साथ की जा सकती है।
एशिया कप में लुटाए 50 रन
एशिया कप के फाइनल में हारिस रऊफ बहुत महंगे साबित हुए थे। पाकिस्तान के अनुभवी गेंदबाज ने 3.4 ओवर में 50 रन लुटाए। इसके चलते पाकिस्तान पांच विकेट से फाइनल गंवा बैठा था। वहीं, फाइनल के बाद पाकिस्तान टीम की खूब किरकिरी हुई। क्योंकि, हारिस रऊफ के एक ओवर में तिलक वर्मा और शिवम दुबे ने मिलकर 17 रन लूटे थे। इस दौरान हरिस और तिलक के बीच नोकझोंक भी देखने को मिली थी।
