India vs Sri Lanka, Team India New Captain: टीम इंडिया के ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या श्रीलंका के खिलाफ 27 जुलाई से शुरू हो रही तीन मैचों की टी20 क्रिकेट सीरीज में भारत के कप्तान होंगे। हार्दिक निजी कारणों से अगस्त में होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज नहीं खेलेंगे। बीसीसीआई के एक सीनियर सूत्र ने पीटीआई को बताया,‘हार्दिक पंड्या भारतीय टी20 टीम के उपकप्तान थे । वह पूरी तरह फिट हैं और तीन मैचों की टी20 श्रृंखला के लिये उपलब्ध भी लिहाजा वह कप्तान होंगे।’
भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी। (फोटो- BCCI Twitter)
रोहित शर्मा ने विश्व कप जीतने के बाद टी20 क्रिकेट को अलविदा कह दिया। टी20 सीरीज 27 से 30 जुलाई तक पल्लेकेले में खेली जाएगी, जबकि वनडे दो से सात अगस्त तक कोलंबो में होंगे। टीम की घोषणा अगले कुछ दिन में होगी। अभी यह तय नहीं है कि उपकप्तान शुभमन गिल होंगे या सूर्यकुमार यादव। वनडे श्रृंखला के बारे में अधिकारी ने बताया कि पंड्या ने निजी कारणों से ब्रेक मांगा है और नियमित कप्तान रोहित शर्मा को इसकी जानकारी दे दी है।
बीसीसीआई सचिव जय शाह ने साफ तौर पर कहा है कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट नहीं खेलने पर सभी स्टार क्रिकेटरों को भी घरेलू क्रिकेट खेलना होगा। रोहित, विराट कोहली और जसप्रीत बुमराह को छूट दी गई है। बीसीसीआई चाहता है कि बाकी सभी टेस्ट विशेषज्ञ अगस्त में दलीप ट्रॉफी का कम से कम एक मैच खेलें । इसके बाद टीम को बांग्लादेश और न्यूजीलैंड से टेस्ट सीरीज खेलनी है।
