लगातार 3 हार के बाद आखिरकार मुंबई इंडियंस ने अपने होमग्राउंड वानखेड़े में जीत का स्वाद चख ही लिया। लेकिन ये सब मुंबई इंडियंस के लिए आसान बिल्कुल नहीं था। पहले फैंस द्वारा हार्दिक की हूटिंग और फिर लगातार 3 हार से टूट चूके हार्दिक का जब अपनी टीम पर भरोसा कम होने लगा तो वह भगवान की शरण पहुंचे। लगातार 3 हार से निराश होकर हार्दिक ने शुक्रवार को गुजरात के प्रभास पाटन में प्रसिद्ध सोमनाथ के दरबार में हाजिरी लगाई थी। दो दिन बाद हार्दिक की अर्जी पूरी हुई और मुंबई इंडियंस को आईपीएल 2024 में पहली जीत नसीब हुई। भगवान शिव की पूजा करते हुए हार्दिक का एक वीडियो भी सामने आया था, जिसमें उन्होंने पारंपरिक पोशाक पहने पूरे विधि विधान से पूजा की थी। भगवान शिव के बारह ज्योतिर्लिंगों में से एक सोमनाथ के बारे में कहा जाता है कि वहां फौरन भक्तों की अरदास पूरी होती है।
मुंबई इंडियंस की पहली जीत (साभार-IPL)
यही कारण है कि दिल्ली के खिलाफ मैच जीतते ही हार्दिक पांड्या का पूजा करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा। लोग इस वीडियो को शेयर कर लिख रहे हैं कि मुंबई की जीत का कारण यही है।
मैच की बात करें तो टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस ने रोमारियो शेफर्ड की विस्फोटक 10 गेंद में नाबाद 39 रन की पारी के दम पर दिल्ली के सामने 235 रन का लक्ष्य रखा, जिसे दिल्ली की टीम हासिल नहीं कर पाई। मुंबई के तेज गेंदबाजों के सामने दिल्ली की टीम निर्धारित ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 205 रन ही बना पाई। मुंबई की ओर से जेराल्ड कोएट्जे ने 4 और जसप्रीत बुमराह ने 2 विकेट चटकाए।
दिल्ली की ओर से ट्रिस्टन स्टब्स ने 25 गेंद में नाबाद 71 रन की पारी खेली, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से किसी अन्य बल्लेबाज का साथ नहीं मिला। स्टब्स ने अपनी पारी में 3 चौके और 7 छक्के लगाए। स्टब्स के अलावा पृथ्वी शॉ ने 40 गेंद में 66 रन बनाए। इन दोनों के अलावा कोई भी बल्लेबाज टिक नहीं पाया।
