Hardik Pandya fitness update: भारतीय टीम के अनुभवी ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या वर्ल्ड कप 2023 के दौरान चोटिल होने के बाद से लंबे समय से टीम से बाहर चल रहे हैं। वे टीम का खास हिस्सा हैं और टी20 वर्ल्ड कप की तैयारियों में जुटी भारतीय टीम उन्हें ज्यादा से ज्यादा मैच खिलाना चाहती है लेकिन स्टार खिलाड़ी को लेकर आया ताजा अपडेट फैंस को निराश करेगा। दरअसल सूत्रों के मुताबिक हार्दिक भारत-अफगानिस्तान सीरीज में नहीं खेलने वाले हैं।
हार्दिक पांड्या (फोटो- AP)
भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज 11 जनवरी से शुरू होगी। सीरीज की शुरुआत मोहाली के पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन आईएस बिंद्रा स्टेडियम में होगी। दूसरा टी20 मैच 14 जनवरी को इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेला जाएगा और बेंगलुरु का एम चिन्नास्वामी स्टेडियम 17 जनवरी को तीसरे टी20 मैच की मेजबानी करेगा।
आईपीएल 2024 में खेलेंगे हार्दिक पांड्या
हार्दिक भले ही अफगानिस्तान सीरीज नहीं खेलेंगे लेकिन उनकी आईपीएल में वापसी संभव है। एक शीर्ष सूत्र ने टाइम्स नाउ को बताया, 'हार्दिक पंड्या अफगानिस्तान टी20 सीरीज में नहीं खेल पाएंगे लेकिन आईपीएल 2024 से पहले फिट हो जाएंगे।'आईपीएल में हार्दिक मुंबई इंडियंस के साथ जुड़े हुए हैं। पिछले महीने एमआई और गुजरात टाइटंस के बीच ट्रेड होने के बाद वह पांच बार की चैंपियन टीम में शामिल हो गए। 15 दिसंबर को फ्रेंचाइजी के नए कप्तान के रूप में नियुक्त होने के बाद आगामी सीज़न में हार्दिक मुंबई इंडियंस का नेतृत्व करेंगे।
