Hardik Pandya reacts to IPL Trolling: टी20 वर्ल्ड कप 2024 के फाइनल में भारतीय क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए द.अफ्रीका को 7 रनों से मात दे दी। इस जीत में हार्दिक पांड्या का खास योगदान रहा जिन्होंने मुश्किल घड़ी में क्लासेन और फिर मिलर का विकेट लेकर मैच जिताया। इस जीत के बाद हार्दिक पांड्या ने पिछले 6 महीने से लगातार हो रही ट्रोलिंग पर खुलकर बातचीत की। उनकी आंखों में आंसू थे।
हार्दिक पांड्या (फोटो - AP)
इंडियन प्रीमियर लीग के बेहद खराब सत्र के बाद टूर्नामेंट में उतरे पांड्या ने यूएसए और कैरेबियाई द्वीपों में भारत की खिताबी जीत में अहम भूमिका निभाई थी। मैच के बाद ब्रॉडकास्टर से बात करते हुए पांड्या ने अपने पिछले छह महीनों को याद किया और कहा कि जब चीजें खराब हो रही थीं, तब भी उन्होंने एक बार भी गुस्सा नहीं किया था और जीत ठीक उसी कारण से और भी खास लगी।
हार्दिक हुए थे ट्रोल का शिकार
आईपीएल 2024 में हार्दिक पांड्या को कई मैचों में हूटिंग का सामना करना पड़ा। यहां तक कि मुंबई इंडियंस के घरेलू स्टेडियम वानखेड़े में भी ऑलराउंडर के प्रति नाराजगी थी। इसके अलावा, पांड्या की बल्ले और गेंद दोनों से खराब फॉर्म ने पूर्व क्रिकेटरों का ध्यान खींचा, जिन्होंने उनकी कड़ी आलोचना की।
पिछले 6 महीने में मैंने एक शब्द भी नहीं- हार्दिक
पांड्या ने कहा कि जीत उनके लिए वाकई बहुत मायने रखती है और यह सही समय पर मिली है। उन्होंने कहा कि "यह बहुत मायने रखता है। हम बहुत मेहनत कर रहे थे और कुछ ठीक नहीं चल रहा था। लेकिन आज हमें वह मिला जो पूरा देश चाहता था। मेरे लिए और भी खास, मेरे पिछले 6 महीने कैसे रहे, मैंने एक शब्द भी नहीं कहा। मुझे पता था कि अगर मैं कड़ी मेहनत करता रहा तो मैं चमक सकता हूं और वह कर सकता हूं जो मैं कर सकता हूं। इस तरह का अवसर मिलना इसे और भी खास बनाता है।'
राहुल द्रविड़ की सराहना
हार्दिक ने कोच राहुल द्र्विड़ की भी सराहना की जिनका इस विश्व कप के बाद कार्यकाल समाप्त हो गया है। "उनके (द्रविड़) लिए बहुत खुश हूं, वह एक शानदार इंसान हैं, उनके साथ काम करने का वास्तव में आनंद लिया, उन्हें इस तरह से विदाई देना अद्भुत है, उनके साथ बहुत अच्छे संबंध रहे हैं और हम दोस्त बन गए हैं। सभी सहयोगी कर्मचारियों के लिए बहुत खुश हूं।"
