भारत सहित 21 पूर्व कप्तानों ने पाकिस्तान के वर्ल्ड कप विजेता कप्तान और पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के खराब स्वास्थ्य पर चिंता जताई है। 21 कप्तानों के इस ग्रुप ने पाकिस्तान सरकार को इमरान खान को अच्छी स्वास्थ्य सुविधा देने और उनका बेहतरीन उपचार कराए जाने का आग्रह किया है। 6 महीने में यह दूसरी बार है जब इस ग्रुप ने पाकिस्तान सरकार से इमरान खान को लेकर अपील की है। अपील करने वालों में भारत के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर, कपिल देव और दिलीप वेंगसरकर समेत 21 जाने-माने अंतरराष्ट्रीय पूर्व क्रिकेटर शामिल हैं।
इमरान खान और सुनील गावस्कर (साभार-x)
इस अपील की शुरुआत ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान और भारत के पूर्व कोच ग्रेग चैपल ने की थी। इसमें एलन बॉर्डर, इयान चैपल, माइक गैटिंग, अर्जुन रणतुंगा, एडम गिलक्रिस्ट, एंड्रयू स्ट्रॉस, एलिस्टर कुक और क्लाइव लॉयड समेत कई दिग्गजों ने हस्ताक्षर किए हैं। इमरान खान के वर्तमान स्वास्थ्य को देखते हुए इस ग्रुप ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को पत्र लिखा है। उनका कहना है कि बीते सप्ताह जो हुआ वो सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुसार नहीं था।
यह पत्र फरवरी में 14 पूर्व कप्तानों द्वारा भेजी गई पहली अपील के बाद लिखा गया है। इसकी वजह सुप्रीम कोर्ट का वह आदेश है, जिसमें इमरान खान को अस्पताल ले जाकर मेडिकल बोर्ड से जांच कराने का निर्देश दिया गया था। इस बोर्ड में उनके निजी डॉक्टरों और उनकी बहन डॉ. उजमा खान को भी शामिल किया जाना था। कोर्ट ने परिवार से साप्ताहिक मुलाकातें बहाल करने का भी निर्देश दिया था। इन पूर्व कप्तानों का आरोप है कि कोर्ट के निर्देशानुसार इमरान खान को अस्पताल तो ले जाया गया, लेकिन कुछ घंटों बाद ही उन्हें दोबारा जेल शिफ्ट कर दिया गया। वह पिछले तीन वर्षों से जेल में बंद हैं।
पूर्व कप्तानों की प्रमुख मांगें-
पूर्व क्रिकेटरों ने अपनी चिट्ठी में तीन प्रमुख मांगें रखी हैं:
- कोर्ट के निर्देश के मुताबिक मेडिकल बोर्ड को स्वतंत्र रूप से अपनी जांच पूरी करने की अनुमति दी जाए।
- परिवार से साप्ताहिक मुलाकातें बहाल की जाएं।
- मेडिकल जांच में जिस भी इलाज की सिफारिश की जाए, उसे बिना देरी के उपलब्ध कराया जाए।
यह विवाद तब सामने आया जब इमरान खान की जांच कोर्ट द्वारा निर्देशित मेडिकल बोर्ड की जगह सरकार द्वारा नियुक्त मेडिकल टीम ने की। सरकारी मेडिकल टीम ने उन्हें पूरी तरह से फिट घोषित किया था। इसके बाद उनके परिवार और उनके कानूनी टीम ने आरोप लगाया कि यह प्रक्रिया सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुरूप नहीं थी। इन पूर्व क्रिकेटरों ने स्पष्ट किया है कि वे पाकिस्तान की घरेलू कानूनी प्रक्रिया में हस्तक्षेप नहीं करना चाहते। उन्होंने कहा कि वे “राजनेताओं के रूप में नहीं, बल्कि उन पूर्व साथियों और प्रतिद्वंद्वियों के रूप में लिख रहे हैं, जिनके बीच क्रिकेट के मैदान पर एक रिश्ता था।”
अपील पर हस्ताक्षर करने वाले 21 पूर्व क्रिकेटर
माइकल एथरटन, एलेक्स ब्लैकवेल, एलन बॉर्डर, माइकल ब्रियरली, ग्रेग चैपल, इयान चैपल, बेलिंडा क्लार्क, एलिस्टेयर कुक, माइकल गैटिंग, सुनील गावस्कर, ली जर्मन, एडम गिलक्रिस्ट, डेविड गोवर, किम ह्यूजेस, नासिर हुसैन, क्लाइव लॉयड, कपिल देव, अर्जुन रणतुंगा, एंड्रयू स्ट्रॉस, दिलीप वेंगसरकर, स्टीफन वॉ और जॉन राइट।
