गुजरात टाइटन्स (GT) के लिए आईपीएल 2025 का आगाज अच्छा नहीं रहा। उसे पहले मुकाबले में पंजाब किंग्स के खिलाफ मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा। श्रेयस अय्यर की 42 गेंदों में नाबाद 97 रन और शशांक सिंह की 16 गेंदों में नाबाद 44 रनों की आतिशी पारी की बदौलत PBKS ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट के नुकसान पर 243 रन का स्कोर खड़ा किया। 244 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए गुजरात की टीम आखिरी ओवर तक लड़ी, लेकिन 11 रन से पीछे रह गई। गुजरात की ओर से साई सुदर्शन ने 74 रन की पारी खेली। सुदर्शन के अलावा जोस बटलर ने 54 रन बनाए।
शुभमन गिल और सुंदर पिचाई (साभार-x)
लेकिन इस मुकाबले में शुभमन गिल के एक फैसले पर सवाल उठने लगे हैं। दरअसल गुजरात टाइटंस के प्लेइंग इलेवन में वाशिंगटन सुंदर का नाम नहीं था। अपनी ऑलराउंड क्षमता के कारण सुंदर किसी भी टीम के लिए एक्स फैक्टर खिलाड़ी हैं। गिल के इस फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए एक फैन ने एक्स पर लिखा कि सुंदर टीम इंडिया में जगह बना सकते हैं, लेकिन आईपीएल इलेवन में जगह बनाने के लिए संघर्ष करना पड़ जाता है।
क्रिकेट फैन पुष्कर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया, "सुंदर भारत की सर्वश्रेष्ठ 15 में कैसे शामिल हो जाते हैं, लेकिन 10 टीमों के होते हुए भी उन्हें किसी भी आईपीएल एकादश में जगह नहीं मिलती, यह एक रहस्य है।" पुष्कर के इस पोस्ट पर गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई ने भी प्रतिक्रिया दी और लिखा कि मैं भी इस फैसले से हैरान हूं। पुष्कर ने जैसे ही सुंदर पिचाई का रिप्लाई देखा उन्होंने अपना लक आजमाते हुए उनसे नौकरी की मांग कर दी।
