Vaibhav Suryavanshi impress Sundar Pichai: राजस्थान रॉयल्स (RR) के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ते हुए सबसे कम उम्र में डेब्यू करने वाले खिलाड़ी बनकर रिकॉर्ड बनाया। मात्र 14 साल और 23 दिन की उम्र में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के खिलाफ खेलते हुए वैभव ने आईपीएल में पदार्पण किया। साथ ही, वह आईपीएल में सबसे कम उम्र में छक्का और चौका लगाने वाले बल्लेबाज भी बन गए।
वैभव सूर्यवंशी (फोटो- AP)
सुंदर पिचाई भी रह गए दंग
वैभव के डेब्यू ने पूरे क्रिकेट जगत को हैरान कर दिया, जिसमें गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई भी शामिल थे। पिचाई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, "आठवीं कक्षा के बच्चे को आईपीएल में खेलते देखने के लिए उठा!!!! क्या डेब्यू है!" बता दें कि वैभव ने अपने पहले ही मैच में शानदार प्रदर्शन करते हुए पहली गेंद पर छक्का जड़ दिया। इस लेफ्ट-हैंडेड बल्लेबाज ने सिर्फ 20 गेंदों में 34 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली, जिसमें 3 छक्के और 2 चौके शामिल थे। आईपीएल 2025 मेगा ऑक्शन में RR ने वैभव को 1.10 करोड़ रुपये में खरीदा था। संजू सैमसन की वापसी के बाद भी उनकी टीम में जगह बनी रह सकती है।
राजस्थान रॉयलस को 2 रनों से झेलनी पड़ी हार
हालांकि, वैभव के शानदार प्रदर्शन के बावजूद राजस्थान रॉयल्स को 2 रनों से मात खानी पड़ी। 10 ओवर तक RR का स्कोर 94/2 था और उन्हें अंतिम 10 ओवरों में 87 रन बनाने थे। 15 ओवर तक टीम 135/2 के स्कोर पर पहुँच चुकी थी, लेकिन आवेश खान ने 18वें ओवर में यशस्वी जायसवाल और रियान पराग को आउट करके मैच का पलड़ा पलट दिया। आखिरी ओवर में LSG ने 9 रनों की बढ़त को सफलतापूर्वक बचाकर मैच अपने नाम कर लिया।
पॉइंट्स टेबल में RR की खराब स्थिति
ऋषभ पंत की कप्तानी वाली LSG ने 8 मैचों में 5 जीत के साथ चौथे स्थान पर कब्जा जमाया है। वहीं, RR इस सीजन में संघर्ष कर रही है और 8 मैचों में सिर्फ 2 जीत के साथ 8वें नंबर पर है। उनके पास सबसे नीचे मौजूद चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के बराबर जीत हैं, लेकिन नेट रन रेट बेहतर होने के कारण वे ऊपर हैं।
