Glenn Maxwell Retirement: ऑस्ट्रेलिया के स्टार ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल ने एकदिवसीय क्रिकेट (ODI) से तत्काल प्रभाव से संन्यास लेने की घोषणा कर दी है। दो बार के विश्व कप विजेता मैक्सवेल ने अपने ODI करियर का समाप्ति 149 मैचों में 3990 रन के साथ किया।मैक्सवेल ने ऑस्ट्रेलिया के लिए कई यादगार पारियां खेली, लेकिन 2023 ODI विश्व कप में अफगानिस्तान के खिलाफ खेली गई उनकी शानदार डबल सेंचुरी सबसे ज्यादा चर्चित रही। उस मैच में ऑस्ट्रेलिया को 292 रनों का लक्ष्य मिला, लेकिन वे 91 रन पर 7 विकेट खो चुके थे। मैक्सवेल ने गंभीर क्रैम्प के बावजूद अविश्वसनीय 201 रन* की पारी खेलकर टीम को जीत दिलाई। यह पारी ODI इतिहास की सबसे महान पारियों में गिनी जाती है। बाद में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को फाइनल में हराकर विश्व कप जीता।
ग्लेन मेक्सवेल रिटायरमेंट (फोटो- ANI)
मैक्सवेल ने पॉडकास्ट में दी जानकारी
मैक्सवेल ने 'द फाइनल वर्ड' पॉडकास्ट में एडम कॉलिन्स के साथ बातचीत में अपने संन्यास की पुष्टि की। उन्होंने कहा -"मैं शुरुआत के दिनों को याद करता हूं, जब मुझे टीम में शामिल किया गया था। मैं टीवी पर देखे हुए खिलाड़ियों के साथ खेल रहा था। पाकिस्तान के खिलाफ UAE में जीती गई सीरीज मेरे लिए बेहद खास थी। मैं सोचता था कि शायद यही मेरा आखिरी मौका होगा, लेकिन मुझे कई उतार-चढ़ाव देखने को मिले। मैं वर्ल्ड कप्स में खेला, कुछ बेहतरीन टीमों का हिस्सा रहा। अभी भी यह सुनने में अजीब लगता है कि मैं पूर्व खिलाड़ी हूं, लेकिन मुझे लगता है कि जल्द ही इसकी आदत हो जाएगी।"
T20 क्रिकेट में जारी रखेंगे करियर
हालांकि मैक्सवेल ने ODI क्रिकेट से संन्यास ले लिया है, लेकिन वह T20I फॉर्मेट में ऑस्ट्रेलिया की तरफ से खेलना जारी रखेंगे। उनका फोकस अब T20 विश्व कप 2026 और अन्य लीग टूर्नामेंट्स पर होगा।क्रिकेट प्रेमियों के लिए मैक्सवेल का ODI करियर हमेशा यादगार रहेगा, खासकर उनकी विजयी पारियां और अद्भुत फील्डिंग।
