मेलबर्न: ऑस्ट्रेलिया की सरजमीं पर टेस्ट क्रिकेट में पहला तिहरा शतक जड़ने वाले बॉब कॉपर का 84 वर्ष की आयु में अज्ञात बीमारी के कारण निधन हो गया। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने रविवार को यह जानकारी दी। वह 84 साल के थे। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने कहा कि कॉपर के परिवार में उनकी पत्नी डेल तथा बेटियां ओलिविया और सेरा हैं।
बॉब कॉपर( साभार ICC)
ऑस्ट्रेलिया के लिए खेले 27 टेस्ट
कॉपर ने 1964 से 1968 के बीच ऑस्ट्रेलिया के लिए 27 टेस्ट मैच खेले थे। उन्होंने पांच शतक और 46.84 की औसत से 2,061 रन बनाए। उन्होंने कामचलाऊ ऑफ स्पिन से 36 विकेट भी लिए हैं। इस बायें हाथ के बल्लेबाज को स्ट्रोक लगाने की शानदार क्षमता के साथ संयमित बल्लेबाजी करने के लिए भी जाना जाता था। उन्होंने अपनी सबसे यादगार पारी फरवरी 1966 में मेलबर्न क्रिकेट मैदान पर इंग्लैंड के खिलाफ खेली थी। उन्होंने लगभग 12 घंटे की मैराथन पारी में 589 गेंद में 307 रन बनाये थे। यह ऑस्ट्रेलिया की धरती पर टेस्ट में पहला और 20वीं सदी का इकलौता तिहरा शतक था।
घरेलू क्रिकेट में था 76 का औसत
घरेलू मैदान पर कॉपर का रिकॉर्ड और भी दमदार था जहां उन्होंने 75.78 की औसत से रन बनाये थे। वह महान डॉन ब्रैडमैन के बाद घरेलू सरजमीं पर सबसे ज्यादा टेस्ट औसत वाले बल्लेबाज है। उन्होंने 1968 में खेल को अलविदा कह दिया था।
शानदार बल्लेबाज थे कॉपर
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के चेयरमैन माइक बेयर्ड ने कहा,'बॉब कॉपर के निधन की खबर सुनकर हमें गहरा दुख हुआ है। वह ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट में एक बेहद सम्मानित व्यक्ति थे।बॉब एक शानदार बल्लेबाज थे, जिन्हें एमसीजी में उनके प्रसिद्ध तिहरे शतक के साथ-साथ 1960 के दशक की ऑस्ट्रेलिया और विक्टोरिया (राज्य) टीमों में उनके मजबूत प्रभाव के लिए हमेशा याद किया जाएगा।'
