Ashes 2023: इंग्लैंड की स्थिति मजबूत, दूसरी पारी में बड़े झटके देकर ऑस्ट्रेलिया पर बनाया दबदबा

  • Agency by: Agency
  • Updated Jul 22, 2023, 01:45 AM IST

Ashes 2023, ENG vs AUS: इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच चौथा टेस्ट मुकाबला खेला जा रहा है। इस मुकाबले में मेजबान टीम इंग्लैंड ने मजबूत पकड़ बना ली है। मैच के तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी में 113 रन पर चार विकेट गिर चुके हैं। मार्नस लाबुशेन अर्धशतक के करीब पहुंच गए थे।

Ashes 2023, ENG vs AUS: इंग्लैंड ने एशेज श्रृंखला के चौथे टेस्ट मैच के तीसरे दिन शुक्रवार को ऑस्ट्रेलिया के चार विकेट चटकाकर मैच पर अपना दबदबा कायम कर लिया। पहली पारी 592 रन पर समाप्त कर आस्ट्रेलिया के खिलाफ 275 रन की बढ़त हासिल की। दिन का खेल खत्म होने तक आस्ट्रेलिया ने दूसरी पारी में चार विकेट गंवाकर 113 रन बना लिये थे जिससे वह इंग्लैंड से 162 रन से पीछे चल रही है। आस्ट्रेलिया की पहली पारी 317 रन पर सिमट गई थी। मार्क वुड ने अपनी तेज गति से ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाजों को संभलने का मौका नहीं दिया। उन्होंने उस्मान ख्वाजा (18), स्टीव स्मिथ (17) और ट्रैविस हेड (एक) को आउट कर टेस्ट क्रिकेट में विकेटों का शतक पूरा किया। क्रिस वोक्स ने डेविड वार्नर (28) को पवेलियन की राह दिखाई।

ENG vs AUS

विकेट लेने के बाद जश्न मनाते हुए इंग्लिश खिलाड़ी।

स्टंप्स के समय मार्नस लाबुशेन 44 और मिशेल मार्श एक रन बनाकर खेल रहे थे। इससे पहले विकेटकीपर बल्लेबाज जॉनी बेयरस्टो (नाबाद 99 रन) अपने जोड़ीदार के आउट होने के कारण शतक से महज एक रन से चूक गए। इंग्लैंड ने सुबह चार विकेट पर 384 रन से आगे खेलना शुरु किया तब उसकी बढ़त 67 रन की थी। टीम ने पारी के अंत तक दबदबा बनाये रखा जिसमें बेयरस्टो और जेम्स एंडरसन ने 10वें विकेट के लिए 66 रन की साझेदारी निभाई। इसमें से एंडरसन ने केवल पांच रन बनाए और कैमरन ग्रीन (64 रन देकर दो विकेट) की गेंद पर पगबाधा आउट हो गए। इससे बेयरस्टो 99 रन (10 चौके और चार छक्के) पर नाबाद रहे जिसके लिए उन्होंने 81 गेंद खेली।

End of Feed