स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। वैभव सूर्यवंशी, देवदत्त पडिक्कल और तिलक वर्मा ईस्ट जोन और साउथ जोन के बीच रविवार से शुरू होने वाले दलीप ट्रॉफी के फाइनल में अपने हाल के प्रदर्शन को और बेहतर करने की कोशिश करेंगे। जबकि तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज की निगाह लय हासिल करने पर होगी। पडिक्कल को साई सुदर्शन के चोटिल होने के कारण भारतीय टीम में जो मौका मिला, उसका उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में भरपूर फायदा उठाया।
दलीप ट्रॉफी फाइनल के लिए तैयार सिराज और देवदत्त। फोटो- BCCI
कर्नाटक के इस बल्लेबाज ने दो टेस्ट मैचों में दो शतक लगाए और उन्हें सीरीज का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी घोषित किया गया। दलीप ट्रॉफी के फाइनल में साउथ जोन की तरफ से खेलते हुए वह इस प्रदर्शन को दोहराने की कोशिश करेंगे। पडिक्कल अच्छा प्रदर्शन करते हैं तो इससे निश्चित रूप से उनकी टीम को 2023 के बाद खिताब वापस जीतने में मदद मिलेगी। इससे वह तीसरे नंबर पर अपना दावा और मजबूत करना चाहेंगे।
तिलक-सूर्यवंशी के पास मौका
सूर्यवंशी और तिलक दोनों ही फिलहाल भारतीय टेस्ट टीम का हिस्सा नहीं है, लेकिन भारत के टी20 उप-कप्तान तिलक ने हाल ही में बेंगलुरु में नॉर्थ जोन के खिलाफ सेमीफाइनल में शतक और अर्धशतक बनाकर टेस्ट टीम में जगह बनाने के लिए अपना दावा पेश किया। इसके बाद उन्होंने खुलकर कहा कि उनका लक्ष्य टेस्ट टीम में जगह बनाना है।
ईस्ट जोन से खेलने वाले वैभव सूर्यवंशी ने सेंट्रल जोन के खिलाफ सेमीफाइनल में 92 और 40 रन बनाकर यह साबित कर दिया कि वह परिस्थितियों के अनुसार अपना खेल खेलने में माहिर हैं और उन्हें केवल सीमित ओवर के प्रारूपों तक ही सीमित नहीं माना जाना चाहिए। अगर वह फाइनल में भी अपना अच्छा प्रदर्शन जारी रखते हैं तो उनकी सभी प्रारूप में खेलने की संभावना बढ़ जाएगी।
रिदम में लौटना चाहेंगे सिराज
अनुभवी तेज गेंदबाज सिराज को न्यूजीलैंड के आगामी दौरे से पहले अपनी सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में आना होगा। वह साउथ जोन की टीम में चोटिल तेज गेंदबाज विदवत कावेरप्पा की जगह ले सकते हैं। सिराज श्रीलंका के खिलाफ दो मैच की सीरीज में प्रभाव नहीं छोड़ पाए और वह किसी भी समय लय में नहीं दिखे। उनके इस प्रदर्शन को देखते हुए कप्तान शुभमन गिल ने कहा कि सिराज को अपनी लय वापस पाने की जरूरत है।
नहीं खेलेंगे केएल राहुल
ईशान किशन ईस्ट जोन की कप्तानी करेंगे और अगले सप्ताह अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम में शामिल होने से पहले वह कुछ रन बनाने के लिए उत्सुक होंगे। केएल राहुल भी अगले महीने न्यूजीलैंड दौरे की तैयारियों को पुख्ता अंजाम देने की कोशिश करेंगे। हालांकि, मैच से पहले साउथ जोन के कप्तान तिलक वर्मा ने पुष्टि की कि केएल राहुल फाइनल का हिस्सा नहीं हैं।
अनुभवी भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी, मुकेश कुमार और स्पिनर अनुकूल रॉय की मौजूदगी में ईस्ट जोन का गेंदबाजी आक्रमण गेंदबाजों की मददगार रही पिच पर राहुल के कौशल की परीक्षा लेगा। शमी का यहां 100वां प्रथम श्रेणी मैच होगा जो एक तेज गेंदबाज के लिए बहुत बड़ी उपलब्धि है। वह राष्ट्रीय टीम में वापसी की कोशिश में लगे हैं और वह यहां अच्छा प्रदर्शन करके अपना दावा मजबूत करना चाहेंगे।
दोनों टीम इस प्रकार हैं:-
साउथ जोन: तिलक वर्मा (कप्तान), रिकी भुई (उप-कप्तान और विकेटकीपर), एसके रशीद, के साई तेजा, टी विजय, अभिनव तेजराना, के हिमतेजा, टी त्यागराजन, आर स्मरण, करुण नायर, श्रेयस गोपाल, विदवथ कावेरप्पा, एमडी निधीश, एन जगदीसन, अमन खान, केएल राहुल, देवदत्त पडिक्कल, मोहम्मद सिराज।
ईस्ट जोन: ईशान किशन (कप्तान और विकेटकीपर), वैभव सूर्यवंशी (उप-कप्तान), डेनिश दास, अभिमन्यु ईश्वरन, सुदीप कुमार घरामी, शाहबाज अहमद, सूरज सिंधु जयसवाल, मोहम्मद शमी, मुकेश कुमार, कुमार कुशाग्र, शिखर मोहन, अनुकूल रॉय, विराट सिंह, सुभ्रांशु सेनापति, अभिजीत सरकार।
