नई दिल्ली: ऑनलाइन गेमिंग (प्रमोशन और रेग्युलेशन) बिल 2025 को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के मंजूरी देने ही इसके कानून का रूप लेते ही असर दिखने लगा है। कानून के लागू होते ही बीसीसीआई को एशिया कप 2025 के आगाज से दो सप्ताह पहले करारा झटका लगा है। टीम इंडिया के जर्सी स्पॉन्सर ड्रीम-11 ने अपने हाथ खींच लिए हैं। ऐसे में बीसीसीआई के सामने बड़े टूर्नामेंट से ठीक पहले बड़ी परेशानी खड़ी हो गई है। ऐसे में खबर आ रही है कि टीम इंडिया एशिया कप में बगैर स्पॉन्सर के खेलती नजर आएगी।
ड्रीम-11 और बीसीसीआई का लोगो
ड्रीम-11 ने बंद किया रियल मनी गेमिंग कारोबार
फैंटेसी गेमिंग कंपनी ड्रीम-11 ने अपना रियल मनी गेमिंग कारोबार बंद करने का फैसला किया है। कंपनी ने यह फैसला भारत सरकार द्वारा लाए गए ऑनलाइन गेमिंग कानून 2025 के पास होने के बाद किया। इस बिल के तरह ऑनलाइन रियल मनी गेम्स पर पूरी तरह पांबदी लगा दी गई है। कंपनी ने अपने बयान में कहा, हम हमेशा से कानून का पालन करने वाली कंपनी थे और और हमेशा रहेंगे। हमने अपना व्यवसाय पूरी तरह से कानून का पालन करते हुए चलाया है। भले ही हमें लगता है कि प्रगतिशील नियम आगे बढ़ने का सही रास्ता होते, बावजूद इसके हम कानून का सम्मान करेंगे और पूरी तरह से 'ऑनलाइन गेमिंग कानून 2025 के प्रमोशन और रेगुलेशन' का पालन करेंगे।
कानून का पालन करेंगे:देवजीत सैकिया
एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, फैंटेसी स्पोर्ट्स की दिग्गज कंपनी ड्रीम-11 अब भारतीय टीम की स्पॉन्सर नहीं रहेगी। हालांकि इस बारह में बीसीसीआई और ड्रीम-11 की ओर से अबतक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। हालांकि बीसीसीआई के सचिव देवजीत सैकिया ने कहा था कि बोर्ड भारत सरकार द्वारा बनाए देश के कानून का पालन करेगा। उन्होंने मीडिया से कहा, अगर ये संभव नहीं है तो हम कुछ नहीं करेंगे। बीसीसीआई केंद्र सरकार द्वारा बनाए देश के हर कानून और नीति का पालन करेगा।
क्या एशिया कप में बगैर स्पॉन्सर के खेलेगी टीम इंडिया?
9 सितंबर से यूएई में आयोजित होने जा रहे एशिया कप 2025 में भारतीय टीम बगैर स्पॉन्सर वाली जर्सी पहनकर मैदान में उतर सकती है। एशिया कप के लिए जर्सी छप चुकी हैं जिसमें ड्रीम-11 का लोगो छपा है। इनका उपयोग टूर्नामेंट में नहीं हो सकेगा। ऐसे में बगैर स्पॉन्सर के टूर्नामेंट में उतरने के अलावा बीसीसीआई के पास और कोई विकल्प नहीं है।
ड्रीम-11 के साथ हुई थी 358 करोड़ की डील
बीसीसीआई ने साल 2023 में ड्रीम-11 के साथ 358 करोड़ रुपये की डील की थी। डील के मुताबिक टीम इंडिया को प्रत्येक घरेलू मैच के लिए 3 करोड़ और विदेशी सरजमीं पर खेले प्रत्येक मैच के लिए एक करोड़ रुपये मिलते थे। ड्रीम-11 का जुलाई 2023 से मार्च 2026 तक का बीसीसीआई के साथ अनुबंध था। ऐसे में नए कानून की वजह से 9 महीने पहले ड्रीम-11 को अपना अनुबंध खत्म करना पड़ा है।
