India vs South Africa (IND vs SA): भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेले गए मैच में पर्थ के मैदान पर दक्षिण अफ्रीकी टीम ने टीम इंडिया को शिकस्त दे दी। इसी के साथ भारतीय क्रिकेट टीम अब ग्रुप-2 की अंक तालिका में 4 अंकों के साथ खिसक कर दूसरे पायदान पर आ गया है जबकि दक्षिण अफ्रीका 5 अंकों के साथ शीर्ष पर है। इसके साथ ही भारतीय टीम व फैंस के लिए मैच का अंत होने से पहले एक और बुरी खबर आई।
दिनेश कार्तिक (AP)
मैच खत्म होने से कुछ ही समय पहले भारत के अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक चोटिल हो गए और वो मैदान से बाहर चले गए। वो काफी दर्द में नजर आ रहे थे। वो दक्षिण अफ्रीकी पारी के 16वें ओवर में मैदान से बाहर गए। उनके मैदान से बाहर जाने के बाद रिषभ पंत को मैदान पर उतारा गया और उन्होंने बाकी बचे ओवरों में कीपिंग की।
दिनेश कार्तिक बल्लेबाजी के दौरान फ्लॉप साबित हुए जब वो 4 रन बनाकर तब आउट हुए जब सूर्यकुमार यादव को दूसरे छोर पर उनकी जरूरत थी। इसके बाद विकेटकीपिंग के दौरान भी वो चोटिल हो गए।
फिलहाल चोट कितनी गंभीर है या नहीं इसको लेकर कोई आधिकारिक सूचना नहीं दी गई है। लेकिन इतना साफ है कि आने वाले मुकाबलों में भारतीय टीम प्रबंधन दिनेश कार्तिक की जगह रिषभ पंत को मौका दे सकते हैं जो पिछले तीन मैचों से बाहर बैठे हैं।
