Dhruv Jurel Statement: भारत के युवा विकेटकीपर-बल्लेबाज ध्रुव जुरेल का मानना है कि उनके और अनुभवी ऋषभ पंत के बीच कोई व्यक्तिगत प्रतिस्पर्धा नहीं है। जुरेल ने स्पष्ट किया कि दोनों खिलाड़ियों का एकमात्र और अंतिम लक्ष्य देश के लिए खेलना और भारत को जीत दिलाना है।
ऋषभ पंत और ध्रुव जुरेल (फोटो- PTI)
ऋषभ पंत को इंग्लैंड दौरे पर दाहिने पैर में फ्रैक्चर होने के बाद जुरेल ने टीम में विकेटकीपिंग का जिम्मा संभाला था। उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज में मौका मिलने पर एक शतकीय पारी भी खेली थी, जिससे उनकी प्रतिभा और दावेदारी मजबूत हुई। अब दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ आगामी घरेलू टेस्ट सीरीज के लिए जुरेल के साथ पंत को भी टीम में शामिल किया गया है। हालांकि, संभावना है कि पंत इस सीरीज में मुख्य विकेटकीपर के रूप में प्लेइंग इलेवन का हिस्सा होंगे।
व्यक्तिगत प्रतिस्पर्धा से अधिक टीम पर फोकस
जियोस्टार पर बोलते हुए ध्रुव जुरेल ने टीम के प्रति अपने समर्पण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि "मेरे और ऋषभ भाई के बीच कोई प्रतिस्पर्धा नहीं है। हम दोनों भारत के लिए खेल रहे हैं। कोई भी खेले, मकसद एक ही है- भारत को जीत दिलाना। अगर वह खेलते हैं, तो मुझे खुशी है। अगर मैं खेलता हूं, तो मुझे खुशी है। अगर हम साथ खेलते हैं, तो और भी अच्छा होगा। हमारा पूरा फोकस टीम पर है।"
टेस्ट डेब्यू का 'अद्भुत पल'
जुरेल ने फरवरी 2024 में इंग्लैंड के खिलाफ किए गए अपने टेस्ट डेब्यू को याद करते हुए उसे एक अद्भुत पल बताया। उन्होंने कहा, "भारत के लिए डेब्यू करना मेरे लिए एक अद्भुत पल था। टेस्ट क्रिकेट खेलना मेरा बचपन का सपना था। पहली कैप मिलने पर ऐसा लगा, जैसे मैं सातवें आसमान पर हूं। यह बहुत खास था।"
दक्षिण अफ्रीका सीरीज के लिए उत्साह
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच टेस्ट सीरीज 14 नवंबर से शुरू होने जा रही है। इस सीरीज को लेकर जुरेल बेहद उत्साहित हैं, क्योंकि यह दोनों टीमों के मजबूत तेज गेंदबाजी आक्रमण के बीच एक बड़ी चुनौती होगी।
उन्होंने कहा, "यह एक बेहद रोमांचक सीरीज होगी। दोनों टीमों के पास मजबूत तेज गेंदबाजी आक्रमण है। चाहे उनकी तरफ से कगिसो रबाडा और मार्को जेनसन हों, या हमारी तरफ से बुमराह भाई। गुणवत्ता दोनों तरफ है। आखिरकार, अगर आपको मैच जीतना है, तो बेहतरीन टीमों के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन करना होगा। साउथ अफ्रीका विश्व टेस्ट चैंपियन है, इसलिए यह एक अच्छी चुनौती होगी। मैं इस सीरीज का बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं।"
भारत की संभावित प्लेइंग 11
यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साईं सुदर्शन,शुभमन गिल(कप्तान), ऋषभ पंत(विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल, रवींद्र जडेजा, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, जसप्रीत बुमराह।
