राष्ट्रीय तीरंदाजी चैंपियनशिप में ओलंपियन धीरज बोम्मादेवरा और एशियन गेम्स की स्वर्ण पदक विजेता कुमकुम मोहोद ने पुरुष और महिला वर्ग के रिकर्व व्यक्तिगत फाइनल में जीत हासिल करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम काया है। धीरज ने सेमीफाइनल में पंजाब के केशव राजोरिया को 6-0 से हराया और फाइनल में उनका मुकाबला दिल्ली के ध्रुव बग्गा से हुआ। ध्रुव ने मृणाल चौहान को 6-4 से हराकर खिताबी मुकाबले में अपनी जगह पक्की की थी। कांस्य पदक (ब्रॉन्ज मेडल) के मुकाबले में मृणाल ने केशव को 6-4 से हराया।
धीरज बोम्मादेवरा और कुमकुम मोहोद ने गोल्ड मेडल जीते (X/india_archery)
महिला वर्ग में, कुमकुम ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए पहली बार नेशनल व्यक्तिगत फाइनल में प्रवेश किया था, जहां उनका सामना ओलंपियन और एशियन गेम्स की स्वर्ण पदक विजेता अंकिता भकत से हुआ। सेमीफाइनल में कुमकुम ने महाराष्ट्र की अपनी साथी खिलाड़ी शर्वरी शेंडे को 6-2 से हराया था, जबकि अंकिता ने झारखंड की अपनी साथी खिलाड़ी कोमलिका बारी को इसी अंतर से मात दी थी।
फाइनल तक पहुंचने के लिए कुमकुम को एक कठिन एलिमिनेशन ड्रॉ से गुजरना पड़ा, जहां उन्होंने रिद्धि फोर, सिमरनजीत कौर और शर्वरी जैसी मजबूत खिलाड़ियों को हराया। शर्वरी ने कोमलिका को 6-4 से हराकर कांस्य पदक जीता। कंपाउंड वर्ग में, अनुभवी रजत चौहान का मुकाबला फाइनल में उभरते हुए खिलाड़ी प्रियांश से होगा।
प्रियांश ने आंध्र प्रदेश के पल्लापु चरण श्रीकर को 149-146 से हराया, जबकि रजत ने हरियाणा के कुशल दलाल को भी इसी अंतर से मात दी।
श्रीकर ने कुशल को 147-146 के करीबी अंतर से हराकर कांस्य पदक हासिल किया।
एक कड़े सेमीफाइनल मुकाबले में, चिकिता ने धैर्य बनाए रखते हुए वर्ल्ड कप पदक विजेता मधुरा धमनगांवकर को 148-147 से हराया। शुरुआती एंड में 28-30 से पिछड़ने के बाद, उन्होंने शानदार वापसी की और अपना संयम बनाए रखते हुए एक अंक के अंतर से जीत हासिल की। मधुरवर्षिणी ने उत्तर प्रदेश की साक्षी चौधरी को 145-143 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। मधुरा ने साक्षी को 148-143 से हराकर कांस्य पदक जीता।
