(इंडियन प्रीमियर लीग 2024) में आज का मुकाबला दिल्ली कैपिटल्स और मेजबान मुंबई इंडियंस के बीच खेला जाएगा। इस मैच में मुंबई इंडियंस की टीम अपने घर में खेल रही होगी जहां इस सीजन में उनका रिकॉर्ड अब तक कुछ खास नहीं रहा है। इस मुकाबले का आयोजन मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में होने जा रहा है। इस मैच में कई खिलाड़ियों पर फैंस की निगाहें टिकी रहेंगी लेकिन एक नाम जो सबसे हटकर है, वो हैं सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav), जो कि लंबे समय बाद मैदान पर वापसी कर सकते हैं।
दिल्ली कैपिटल्स बनाम मुंबई इंडियंस आज के मैच की पिच रिपोर्ट
आईपीएल इतिहास में दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस के बीच टक्कर की बात करें तो इन दोनों टीमों के बीच अब तक 33 मुकाबले खेले जा चुके हैं। इसमें मुंबई इंडियंस की टीम ने 18 मैच जीते हैं। वहीं दिल्ली कैपिटल्स के खाते में 15 जीत शामिल है। इस मैच में जिन खिलाड़ियों पर सभी फैंस की निगाहें होगी उसमें दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान ऋषभ पंत (Rishabh Pant) धमाकेदार ओपनर पृथ्वी शॉ (Prithvi Shaw) और डेविड वॉर्नर (David Warner) का नाम शामिल है। वहीं मुंबई इंडियंस की ओर से ओपनर रोहित शर्मा (Rohit Sharma) मिस्टर 360 सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) और कप्तान हार्दिक पांड्या (Hardik Pandya) पर सभी की नजर टिकी होगी।
दिल्ली-मुंबई मैच
मेजबान मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स के बीच होने वाला आज का आईपीएल मैच मुंबई में होने वाला है। यहां के वानखेड़े स्टेडियम की पिच पर अब तक आईपीएल 2024 में केवल एक मैच खेला गया है। इस मैच में मुंबई इंडियंस की टक्कर राजस्थान रॉयल्स से हुई थी। मैच में पहले बल्लेबाजी करने उतरी मेजबान टीम 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर केवल 125 रन बना पाई थी। वहीं इसके जवाब में राजस्थान की टीम ने 15.3 ओवर में ही 4 विकेट के नुकसान पर इस लक्ष्य को हासिल कर लिया था। मैच में शुरुआत में तेज गेंदबाजों को अच्छी स्विंग और उछाल मिला था जिससे बल्लेबाजों को परेशानी का सामना करना पड़ा था। हालांकि मैच दिन में है ऐसे में वानखेड़े स्टेडियम में स्पिनर्स को भी मदद मिल सकती है।
इस क्रिकेट ग्राउंड पर आंकड़े
मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में अब तक इन दोनों टीमों की टक्कर 9 बार हो चुकी है। आंकड़ों में मुंबई इंडियंस का दबदबा नजर आता है। वानखेड़े स्टेडियम में अब तक दिल्ली कैपिटल्स मुंबई इंडियंस को केवल 3 बार हरा पाई है। वहीं दूसरी ओर मुंबई की टीम ने 6 बार जीत दर्ज की है। यहां आखिरी बार दिल्ली और मुंबई की भिड़ंत आईपीएल 2022 में हुई थी। उस मैच में दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 159 रन बनाए थे। वहीं इसके जवाब में मुंबई इंडियंस ने 19.1 ओवर में ही 5 विकेट के नुकसान पर इस लक्ष्य को हासिल कर लिया था। मुंबई इंडियंस के लिए जीत के हीरो ईशान किशन रहे थे जिन्होंने मात्र 35 गेंदों पर 48 रन बना लिए थे। उनके अलावा जसप्रीत बुमराह ने भी 3 विकेट झटके थे।
