Cricket Australia: क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) के चेयरमैन माइक बेयर्ड ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। इसकी वजह बिग बैश लीग (BBL) के प्राइवेटाइजेशन को लेकर चल रहा विवाद है। बेयर्ड पूर्व न्यू साउथ वेल्स (NSW) के प्रीमियर रह चुके हैं और फरवरी 2023 से CA के चेयरमैन थे। दरअसल, CA बोर्ड ने BBL में प्राइवेट इन्वेस्टमेंट लाने का फैसला किया है। इसके तहत "सेल्फ-डिटरमिनेशन" मॉडल लागू किया गया है, जिसमें हर स्टेट अपनी टीम के भविष्य पर खुद फैसला ले सकता है। मेलबर्न रेनेगेड्स पहली टीम है जिसे बेचा जाएगा, और 2027-28 सीजन से नया मालिकाना हक लागू होगा। इस पूरे प्लान को बेयर्ड और CA के CEO टॉड ग्रीनबर्ग लीड कर रहे थे। लेकिन बेयर्ड के अपने होम स्टेट NSW ने ही इस प्लान का कड़ा विरोध किया।
डेविड बून बने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के नए चेयरमैन (फोटो साभार- ICC)
माइक बेयर्ड ने दिया इस्तीफा
क्रिकेट NSW का कहना था कि प्राइवेट निवेश से ग्रासरूट क्रिकेट की फंडिंग घटेगी और लॉन्ग टर्म डेवलपमेंट कमजोर होगा। उन्होंने कहा कि पैसा जुटाने के दूसरे तरीके खोजे जाने चाहिए। NSW ने साफ कर दिया कि वह CA बोर्ड में बेयर्ड के नॉमिनेशन को अब सपोर्ट नहीं करेगा, न ही इंडिपेंडेंट डायरेक्टर के तौर पर। समर्थन खोने के बाद बेयर्ड ने कहा, "काफी विचार के बाद मैंने CA चेयर और डायरेक्टर के पद से हटने का फैसला किया है।" उन्होंने कहा कि इस साल CA रिकॉर्ड रेवेन्यू, प्रॉफिट, दर्शकों की संख्या और पिछले चार सालों में 40% पार्टिसिपेशन ग्रोथ रिपोर्ट करेगा। BBL पर लिए गए फैसले से क्रिकेट की लॉन्ग टर्म सस्टेनेबिलिटी सुनिश्चित हो गई है।
डेविड बून बने अंतरिम चेयरमैन
बेयर्ड की जगह अब पूर्व ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज बल्लेबाज डेविड बून अंतरिम चेयरमैन बनेंगे। 65 साल के बून ने 107 टेस्ट खेले हैं और 1984 से 1996 के बीच 7422 रन बनाए हैं। वह 2025 में CA बोर्ड में आए थे, इससे पहले ICC मैच रेफरी और 2000-2011 तक ऑस्ट्रेलिया के सेलेक्शन पैनल में भी रह चुके हैं। वह 28 अक्टूबर को होने वाले AGM से पद संभालेंगे। बून ने कहा, "यह बेहद सम्मान की बात है कि मुझे ऐसे रोमांचक और चुनौतीपूर्ण समय में यह जिम्मेदारी मिली है।" बेयर्ड के जाने के साथ ही ICC में उनकी भूमिका भी खत्म हो जाएगी, जहां उनके चेयरमैन जय शाह के साथ करीबी संबंध थे।
