गीलांग: श्रीलंका को रविवार को टी20 वर्ल्ड कप के उद्घाटन मैच में उलटफेर का शिकार होना पड़ा। श्रीलंका को नामीबिया के हाथों 55 रन की शिकस्त सहनी पड़ी। एशिया कप चैंपियन श्रीलंका से इस तरह के लचर प्रदर्शन की उम्मीद किसी ने नहीं की थी। नामीबिया ने पहले बल्लेबाजी करके निर्धारित 20 ओवर में 163/7 का स्कोर बनाया। जवाब में श्रीलंकाई टीम 19 ओवर में 108 रन पर सिमट गई।
दासुन शनाका
श्रीलंकाई बल्लेबाज नामीबिया के अनुशासनात्मक गेंदबाजी आक्रमण के सामने बेबस नजर आए। श्रीलंका के बल्लेबाजी का हाल ऐसा रहा कि नामीबिया के चार गेंदबाज दो-दो विकेट लिए। मैच के बाद शनाका ने स्वीकार किया कि टीम अपनी गलती के कारण हारी और उसे अपने खेल में सुधार के लिए सभी विभागों में सुधार की जरूरत है।
शनाका ने कहा, 'मेरे ख्याल से पिच बहुत अच्छी थी, लेकिन जब गेंदबाजी की बात आई, तो हमने इसका लाभ अच्छी तरह नहीं उठाया। हम चिंतित थे कि नामीबिया के गेंदबाजों की तुलना में हमारे गेंदबाज सही क्षेत्रों में गेंदें डाल रहे हैं या नहीं। हम चाहते थे कि हमारे तीन बल्लेबाज पावरप्ले में खेले, लेकिन पावरप्ले में तीन विकेट गंवाने से हम मैच से बाहर हो गए। अगले मैच के लिए योजना एकदम साधारण रहेगी। कुछ विशेष करने की कोशिश नहीं की जाएगी। यह प्रक्रिया की बात है। जब 160 रन के लक्ष्य का पीछा कर रहे हो तो आपको टॉप में अच्छी साझेदारी चाहिए होती है। गेंदबाजों को विशेष तौर सही क्षेत्र में गेंदबाजी करने की जरूरत है।'
श्रीलंकाई टीम इस समय मुसीबतों से घिरी हुई है। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज दिलशान मधुशंका चोटिल होने के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो चुके हैं। श्रीलंका के लिए 2022 टी20 वर्ल्ड कप में शुरूआत खराब हुई है और एक बार फिर उस पर टूर्नामेंट से जल्दी बाहर होने का खतरा मंडरा रहा है। हालांकि, ध्यान देने वाली बात यह है कि एशिया कप में श्रीलंका को अफगानिस्तान के हाथों पहले मैच में शिकस्त का सामना करना पड़ा था, जिसके बाद उसने जोरदार वापसी करके खिताब जीता था।
