नई दिल्ली: टीम इंडिया के स्टार स्पिनर रहे युजवेंद्र चहल आधिकारिक रूप से भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए हैं। भाजपा का दामन थामते ही उन्हें बड़ी जिम्मेदारी भी मिल गई है। उन्हें भाजपा के 'अन्य पिछड़ा वर्ग' (OBC) विंग यानी ओबीसी मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में 'विशेष आमंत्रित सदस्य' बनाया गया है। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने उन्हें ये जिम्मेदारी सौंपी है। चहल ने इससे पहले ओबीसी मोर्चा के अध्यक्ष अमरपाल मौर्य से मुलाकात की थी। भाजपा ने चहल की नियुक्ति का आधिकारिक तौर पर ऐलान कर दिया है।
भाजपा के ओबीसी विंग के अध्यक्ष अमरपाल मोर्या के साथ युजवेंद्र चहल
अक्टूबर में कहा था टेस्ट और प्रथम श्रेणी क्रिकेट को अलविदा
चहल ने पिछले महीने रेड बॉल क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। वो टेस्ट और प्रथम श्रेणी क्रिकेट को अलविदा कह चुके हैं। उन्होंने वनडे और टी20 से फिलहाल संन्यास नहीं लिया है और आईपीएल में खेलते नजर आएंगे। इन दिनों चहल हरियाणा के लिए सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में खेल रहे हैं और उन्होंने इस दौरान टी20 में 400 विकेट चटकाने वाले पहले भारतीय गेंदबाज होने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
ऐसा रहा है चहल का अंतरराष्ट्रीय करियर
36 वर्षीय युजवेंद्र चहल ने भारत के लिए 7 साल लंबे अंतरराष्ट्रीय करियर में टीम इंडिया के लिए 72 वनडे और 80 टी20 मैच खेले। इस दौरान उन्होंने वनडे में 27.13 के औसत से 121 विकेट और टी20 में 96 विकेट 25.09 के औसत 8.19 की इकोनॉमी के साथ लिए थे। वनडे में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 42 रन देकर 6 विकेट और टी20आई में 25 रन देकर 6 विकेट रहा है।
क्या होगी टीम इंडिया में वापसी?
युजवेंद्र चहल भारत के लिए आखिरी बार खेलते हुए साल 2023 में नजर आए थे। उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ लॉडरहिल्स में अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला टी20 फॉर्मेट में खेला था। गौतम गंभीर के कोच बनने के बाद उनकी टीम इंडिया में वापसी नहीं हो सकी है। ऐसे में भाजपा का दामन थामने के बाद क्या उनकी तकदीर पूर्व लोकसभा सांसद गौतम गंभीर के कार्यकाल में पलटेगी और वो एक बार फिर टीम इंडिया की जर्सी पहनकर खेलते नजर आएंगे, यह देखने वाली बात होगी।
