फाइव स्टार होटल में नहीं आयोजकों के तय जगह में ठहरेंगे क्रिकेटर्स, BCCI ने कर दिया कन्फर्म

एशियन गेम्स में क्रिकेटरों के ठहरने का विवाद थम गया है। बीसीसीआई ने साफ कर दिया कि खिलाड़ी आयोजकों के तय होटल में ही रुकेंगे। शुक्ला ने कहा कि नागोया में शीर्ष श्रेणी के होटलों की कमी के कारण क्रिकेटरों के ठहरने को लेकर सवाल उठे थे लेकिन आवास को लेकर कोई बड़ी समस्या नहीं है

जापान में होने वाले आगामी एशियाई खेलों में हिस्सा लेने वाले भारतीय क्रिकेटर आयोजन समिति की ओर से तय आवास में ही ठहरेंगे। क्रिकेटरों को हालांकि विदेशी दौरों पर आमतौर पर मिलने वाले पांच सितारा होटलों जैसी सुविधाएं नहीं मिलेगी। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने मंगलवार को यह जानकारी दी। शुक्ला ने कहा कि नागोया में शीर्ष श्रेणी के होटलों की कमी के कारण क्रिकेटरों के ठहरने को लेकर सवाल उठे थे लेकिन आवास को लेकर कोई बड़ी समस्या नहीं है और बीसीसीआई तथा खिलाड़ी मौजूदा व्यवस्था से संतुष्ट हैं।

india asian games team

एशियन गेम्स टीम भारत (साभार-X)

भारतीय दल के विदाई समारोह के दौरान शुक्ला ने कहा, ’’ आयोजक जो सुविधा दे रहे हैं, हम वहीं ठहर रहे हैं। हम लगातार यह देख रहे हैं कि खिलाड़ियों को किस तरह का आवास दिया जा रहा है, ताकि उन्हें किसी तरह की परेशानी न हो। निश्चित तौर पर यह पांच सितारा नहीं है लेकिन अच्छा और आरामदायक आवास है।’’ उन्होंने कहा, ’’क्रिकेटरों के लिए जो आवास तय किये गये हैं, उसकी तस्वीरें और वीडियो हमने मंगवाए हैं। मुझे लगता है कि यह आरामदायक है। खिलाड़ी वहीं ठहरेंगे क्योंकि दूसरा विकल्प उन्हें ओसाका या तोक्यो में ठहराने का था, जो काफी दूर है।’’

End of Feed