रूस में क्रिकेट को पुनर्जीवित करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। इस क्रम में पहली बार रूस में टी-10 क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन होने जा रहा है। यह पहल देश भर में खेल के विकास में एक ऐतिहासिक कदम है। रूसी टी10 लीग का आयोजन 19 और 20 सितंबर 2026 को मॉस्को के लुझनिकी स्टेडियम में किया जाएगा। लीग के पहले सीजन में चार टीमें हिस्सा लेंगी। ये टीम होंगी मॉस्को फॉक्स, क्रेमलिन स्टार्स, कजान फाल्कन्स और सेंट पीटर्सबर्ग लायंस। दो दिन के इस टूर्नामेंट में कुल 7 मैच खेले जाएंगे।
रूसी T10 लीग (साभार-x)
रूसी क्रिकेट महासंघ (क्रिकेट रूस) के निदेशक संभव जैन ने बताया 'यह टूर्नामेंट खेल प्रतियोगिता से कहीं अधिक है। यह रूस भर में क्रिकेट को बढ़ावा देने, नए खिलाड़ियों और दर्शकों को आकर्षित करने और खेल के विकास के लिए अधिक अवसर पैदा करने की व्यापक सोच का हिस्सा है। चार टीमों में 60 खिलाड़ियों की भागीदारी के साथ, यह आयोजन क्रिकेटरों को प्रतिस्पर्धा करने, अनुभव प्राप्त करने और अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच प्रदान करता है,”
रूसी टी10 लीग यहां का पहला घरेलू क्रिकेट कैलेंडर है। यह टूर्नामेंट स्थानीय रूसी खिलाड़ियों के साथ-साथ प्रवासी समुदायों और दक्षिण एशियाई प्रवासियों को खुला मंच प्रदान करेगा। इसका उद्देश्य हाई लेवल पर प्रतिभा को तराशना और फैंस को इस खेल के प्रति आकर्षक बनाना है। टूर्नामेंट का एक प्रमुख उद्देश्य राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभाओं को विकसित करने के लिए घरेलू रूसी प्रतिभाओं की पहचान करना है।
जैन ने आगे कहा 'यह पहल एकदम खास समय पर हो रहा है, क्योंकि लॉस एंजिल्स 2028 में क्रिकेट की वापसी हो रही है। ऐसे में ठीक दो साल पहले यह पहल इस खेल के विकास के लिए मायने रखती है।
19 सितंबर 2026:
मैच 1: क्रेमलिन स्टार्स बनाम कजान फाल्कन्स
मैच 2: मॉस्को फॉक्स बनाम सेंट पीटर्सबर्ग लायंस
मैच 3: क्रेमलिन स्टार्स बनाम मॉस्को फॉक्स
20 सितंबर 2026:
मैच 1: कज़ान फाल्कन्स बनाम सेंट पीटर्सबर्ग लायंस
मैच 2: क्रेमलिन स्टार्स बनाम सेंट पीटर्सबर्ग लायंस
मैच 3: कज़ान फाल्कन्स बनाम मॉस्को फॉक्स
फाइनल: टॉप दो टीमों के बीच फाइनल।
