क्या एशेज सीरीज से पहले फिट हो जाएंगे क्रिस वोक्स? अपनी फिटनेस पर दिया अपडेट

भारत के खिलाफ सीरीज के ओवल में खेले गए पांचवें और आखिरी टेस्ट में फील्डिंग करते हुए चोटिल होने वाले तेज गेंदबाज क्रिस वोक्स ने अपनी फिटनेस पर अपडेट जारी करते हुए बताया है कि वो साल के अंत में होने वाली एशेज सीरीज तक फिट हो पाएंगे या नहीं?

नई दिल्ली: भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज के आखिरी मुकाबले में क्रिस वोक्स चोटिल हो गए थे। 21 नवंबर से ऑस्ट्रेलिया-इंग्लैंड के बीच एशेज सीरीज खेली जाएगी, जिससे पहले वोक्स ने अपनी रिकवरी को लेकर अपडेट दिया है। लंदन में टेस्ट मैच के दौरान क्रिस वोक्स के बाएं कंधे में इंजरी की समस्या हुई, जिसके बाद अंतिम दिन वह स्लिंग लगाकर बल्लेबाजी के लिए उतरे। यह ऐसा पल था जब इंग्लैंड जीत के बेहद करीब था, लेकिन भारतीय गेंदबाजों के सामने मेजबान टीम पांचवें दिन मुकाबला गंवा बैठी। इसी के साथ सीरीज 2-2 से बराबरी पर खत्म हुई।

chris woakes

क्रिस वोक्स (फोटो क्रेडिट AP)

सर्जरी की फिलहाल नहीं है जरूरत

हालांकि, अब क्रिस वोक्स को स्लिंग की आवश्यकता नहीं है। वोक्स ने 'द हंड्रेड' के दौरान 'स्काई स्पोर्ट्स' से बात करते हुए कहा,'जाहिर है, मुझे अब स्लिंग की जरूरत नहीं है। मुझे लगता है कि अब मैं अपने कंधे को बेहतर तरीके से हिला सकता हूं। मैं रिहैब पर ध्यान केंद्रित करने की कोशिश करूंगा। कंधे को जितना हो सके, उतना मजबूत बनाऊंगा। फिलहाल सर्जरी की जरूरत नहीं है, लेकिन देखते हैं कि आगे क्या होगा।' इससे पहले वोक्स ने बताया था कि वह चोट से उबरने के लिए सर्जरी और रिहैब में से किसी एक विकल्प पर विचार कर रहे हैं।

End of Feed