'ऐसा करियर जिस पर आप गर्व कर सकते हैं...', संन्यास के ऐलान के बाद रहाणे के लिए लगा बधाईयों का तांता

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास का ऐलान करने वाले भारत के धाकड़ बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे के लिए सोशल मीडिया पर बधाईयों का तांता लग गया। जानिए किसने उनके बारे में क्या कहा?

मुंबई: भारत के पूर्व बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा ने अजिंक्य रहाणे के संन्यास पर प्रतिक्रिया करते हुए गुरुवार को कहा कि यह सीनियर बल्लेबाज अपने करियर पर बहुत गर्व कर सकता है। 38 वर्षीय रहाणे ने भारत के लिए अपना आखिरी मैच खेलने के तीन साल बाद सभी प्रारूपों से संन्यास की घोषणा की। उन्होंने 2011 से 2023 तक कुल 85 टेस्ट, 90 वनडे और 20 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले। पुजारा ने एक्स पर लिखा, 'अजिंक्य आपको ऐसे करियर के लिए बधाई जिस पर आप बेहद गर्व कर सकते हैं। आपके साथ ड्रेसिंग रूम साझा करना मेरे लिए सम्मान की बात रही है। आपको और आपके परिवार को नई पारी के लिए हार्दिक शुभकामनाएं।' भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने कहा, 'एक शानदार करियर का अंत हो गया। भारतीय क्रिकेट में आपके अमूल्य योगदान और कई अमिट यादों के लिए आपका आभार। आपको नहीं पारी के लिए शुभकामनाएं।'

Ajinkya Rahane

अजिंक्य रहाणे (फोटो क्रेडिट AI Generated)

सहवाग ने की रहाणे के जुझारूपन की सराहना

भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने मैदान पर रहाणे के जुझारूपन की सराहना की। सहवाग ने 2020-2021 में ऑस्ट्रेलिया में भारत की बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी जीत का जिक्र करते हुए लिखा,'भारत के सबसे कम आंके जाने वाले क्रिकेटरों में से एक और वह व्यक्ति जिसने भारत को विदेशों में टेस्ट सीरीज में अब तक की सबसे बड़ी जीत दिलाई। अंजिक्य रहाणे। शांत, मजबूत। कभी शोर नहीं किया और अपना सर्वश्रेष्ठ देता रहा।' रहाणे ने नियमित कप्तान विराट कोहली की अनुपस्थिति में ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट श्रृंखला में 2-1 से ऐतिहासिक जीत दिलाई थी।

End of Feed