India vs Sri Lanka 1st ODI: भारत और श्रीलंका के बीच खेले गए पहले वनडे मैच में टीम इंडिया ने 67 रनों से जीत दर्ज की और भारतीय क्रिकेट टीम ने इसी के साथ ना सिर्फ साल 2023 की पहली वनडे जीत दर्ज की बल्कि तीन वनडे मैचों की इस सीरीज में 1-0 की अहम बढ़त भी बना ली। मैच के स्टार रहे विराट कोहली (113) जिन्होंने अपने वनडे करियर का 45वां शतक जड़ा। लेकिन उनके अलावा कप्तान रोहित शर्मा के 83 रन और शुभमन गिल के 70 रनों का भी अहम योगदान रहा जिसके दम पर भारत 373 रन जैसे विशाल स्कोर तक पहुंच सका। मैच के बाद रोहित शर्मा ने इन तमाम मुद्दों पर खुलकर बात रखी।
रोहित शर्मा और दासुन शनाका (AP)
मैच में टीम इंडिया की जीत के बाद कप्तान रोहित शर्मा ने कहा कि वह टीम की बल्लेबाजी से संतुष्ट हैं लेकिन गेंदबाजी में सुधार करना होगा। रोहित ने कहा, ‘‘हमने बल्ले से अच्छी शुरुआत की। बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। मुझे लगा कि हम बेहतर गेंदबाजी कर सकते थे। मैं ज्यादा आलोचना नहीं करना चाहता क्योंकि परिस्थितियां आसान नहीं थीं। खासकर ओस गिरने के बाद।’’
उन्होंने श्रीलंका के कप्तान दासुन शनाका के खिलाफ रन आउट की अपील वापस लेने के बारे में पूछे जाने पर कहा, ‘‘मुझे नहीं पता था कि (मोहम्मद) शमी ने ऐसा किया, वह 98 रन पर बल्लेबाजी कर रहा था। उसने जिस तरह से बल्लेबाजी की वह शानदार थी, हम उसे इस तरह आउट नहीं कर सकते।’’
शमी ने आखिरी ओवर की तीसरी गेंद के बाद गेंदबाजी छोर पर गेंद फेंकने से पहले आगे निकलने पर शनाका को रन आउट कर दिया था लेकिन रोहित ने अपील वापस ले ली थी। जिसके बाद शनाका ने अपना शतक पूरा किया और 108 रनों की पारी खेली। हालांकि वो अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके।
