स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। शेमेन कैम्पबेल ने शनिवार को खेले गए महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के चौथे मुकाबले में न्यूजीलैंड की उम्मीदों पर पारी फेर दिया। वेस्टइंडीज महिला टीम की धाकड़ बल्लेबाज ने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपना पहला अर्धशतक जड़ते हुए डिफेंडिंग चैंपियन को जीत से दूर कर दिया। वेस्टइंडीज ने इस शानदार पारी की बदौलत न्यूजीलैंड की टीम को 7 विकेट से मात दी।
वेस्टइंडीज ने न्यूजीलैंड को 7 विकेट से हराया। फोटो- ICC
साउथहैंपटन में खेले गए इस रोमांचक मुकाबले में वेस्टइंडीज ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। न्यूजीलैंड की तरफ से इसाबेला गेज और जॉर्जिया प्लिमर ओपनिंग करने आईं। दोनों ने पहले विकेट के लिए 5.5 ओवर में 49 रन की साझेदारी की। इसे देखकर लगा कि न्यूजीलैंड को अच्छी शुरुआत मिल गई है। लेकिन तभी आलिया एलेने ने प्लिमर को आउट कर न्यूजीलैंड को पहला झटका दिया।
एलेने की घातक गेंदबाजी
कप्तान अमेलिया कर महज पांच रन बनाकर एलेने का दूसरा शिकार बनीं। वहीं, इसाबेला गेज 29 गेंद पर 39 रन बनाकर एलेने का तीसरा शिकार बनीं। डिफेंडिंग चैंपियन लगातार गिर रही विकेटों के चलते दवाब में आ गई। हालांकि, सोफी डिवाइन (22), ब्रुक हॉलिडे (40) और मैडी ग्रीन (35) ने अपने योगदान से टीम को 150 के पार पहुंचाया। वेस्टइंडीज की तरफ से 8 गेंदबाजों ने गेंदबाजी की लेकिन सर्वाधिक विकेट आलिया एलेने ने 4 ओवर में 27 रन देकर 4 विकेट चटकाए। डॉटिन और हेली मैथ्यूज को एक-एक विकेट मिला।
कैम्पबेल का ऐतिहासिक फिफ्टी
163 रन के जवाब में उतरी वेस्टइंडीज की टीम को 12 के स्कोर पर पहला झटका लगा। कियाना जोसेफ 2 रन बनाकर दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से रन आउट हो गईं। इसके बाद कप्तान हेली मैथ्यूज और शेमेन कैम्पबेल ने दूसरे विकेट के लिए 61 गेंद पर 74 रन की साझेदारी कर टीम की जीत की नींव रख दी। मैथ्यूज अर्धशतक से महज दो रन पीछे रह गईं। वह 37 गेंद पर छह चौके एक छक्के की मदद से 48 रन बनाकर आउट हुईं।
हालांकि, एक छोर पर खड़ी कैम्पबेल ने 62 गेंद पर नाबाद 90 रन की पारी खेली। यह कैम्पबेल का टी20I क्रिकेट में पहला अर्धशतक रहा। इस दौरान 7 चौके और तीन छक्के लगाए और टीम को जीत के पार ले गईं। न्यूजीलैंड के लिए जेस कर ने 4 ओवर में 17 रन देकर दो विकेट चटकाए। इसके अलावा किसी भी कीवी गेंदबाज को कोई विकेट नहीं मिला।
