Bhuvneshwar Kumar on Vaibhav Suryavanshi: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने कहा कि वैभव सूर्यवंशी की उम्र भले ही 15 साल हो लेकिन वह काफी परिपक्वता और स्पष्टता के साथ बल्लेबाजी करते हैं। सूर्यवंशी ने आरसीबी के खिलाफ 26 गेंद में 78 रन बनाकर राजस्थान रॉयल्स को छह विकेट से जीत दिलाई। अपनी इस पारी में वैभव सूर्यवंशी ने 7 चौके और 8 शानदार छक्के लगाए। 15 साल के इस बल्लेबाज ने 300 की स्ट्राइक रेट से आरसीबी के गेंदबाजों की कुटाई की। भुवनेश्वर ने मैच के बाद प्रेस कांफ्रेंस में कहा, 'जिस तरह से वह शॉट्स खेलता है, वह बाकायदा क्रिेकेट शॉट होते हैं । 15 वर्ष की उम्र में वह काफी परिपक्व है। जिस तरह से वह बल्लेबाजी कर रहा है, हमें उसे इसका श्रेय देना चाहिये।'
वैभव सूर्यवंशी और भुवनेश्वर कुमार (फोटो साभार- IPL/BCCI)
वैभव सूर्यवंशी को लेकर भुवनेश्वर कुमार ने कही ऐसी बात
भुवनेश्वर कुमार ने यह भी कहा कि आरसीबी कभी भी पूरी तरह से दबाव में नहीं थी। उन्होंने कहा, 'यह टी20 मैच है। वह युवा है और अच्छी बल्लेबाजी कर रहा है। वह परिपक्वता से बल्लेबाजी कर रहा है लेकिन हमें कभी भी यह नहीं लगा कि हम पर पूरी तरह से दबाव बन गया है। अगर एक 15 साल का लड़का इस तरह से बल्लेबाजी कर रहा है या वह 25 का भी हो, यह टी20 मैच में होता है।' उन्होंने कहा, 'हमने रणनीति बनाई थी और एक कैच भी छूटा लेकिन यह क्रिकेट में होता है। हम अपनी रणनीति पर अमल नहीं कर सके और यह टी20 क्रिकेट का हिस्सा है। हम बहुत चिंतित नहीं हैं।'
'पावरप्ले में स्पिनरों का प्रयोग मुश्किल'
लेग स्पिनर सुयश शर्मा की जगह हरफनमौला वेंकटेश अय्यर को उतारने के बारे में उन्होंने कहा, 'पावरप्ले में स्पिनरों का प्रयोग मुश्किल है । हमारे पास बायें हाथ का एक ही स्पिनर है और हमने सुयश की जगह इंपैक्ट सब को चुना।' उन्होंने कहा, 'हमारे पास आफ स्पिनर नहीं था। बायें हाथ का गेंदबाज बायें हाथ के बल्लेबाज को गेंदबाजी करे तो समझ में आता है। हमने वही किया जो कर सकते थे और वेंकटेश ने अच्छी बल्लेबाजी की।'
