IND vs ENG: भारत ने जिस तरह से चौथा टेस्ट ड्रॉ किया उससे ड्रेसिंग रूम में खिलाड़ियों का हौसला सातवें आसमान पर है। जडेजा और वाशिंगटन सुंदर ने जिस तरह से बिना विकेट गंवाए दो सेशन खेले उसकी जितनी तारीफ की जाए कम है। दोनों ने 5वें विकेट के लिए रिकॉर्डतोड़ 203 रन की साझेदारी की। इस दौरान जडेजा और सुंदर दोनों ने अपने-अपने शतक पूरे किए। 1-2 से पिछड़ रही टीम इंडिया के पास अब सीरीज को बराबरी पर खत्म करने का सुनहरा का मौका है। लेकिन इस बीच 5वें टेस्ट में इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने अपनी उपलब्धता पर जानकारी साझा की है। चौथे टेस्ट में उन्हें चोट लग गई थी जिसके चलते चौथे दिन आखिरी सेशन में उन्होंने गेंदबाजी भी नहीं की थी।
बेन स्टोक्स (साभार-icc)
क्या 5वां टेस्ट खेलेंगे बेन स्टोक्स
भारत और इंग्लैंड के बीच 5वां और आखिरी टेस्ट 31 जुलाई से ओवल लंदन में खेला जाएगा। इससे पहले इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने बताया है कि वह इस मुकाबले में उपब्ध रहेंगे या नहीं। स्टोक्स ने कहा 'मैं अपनी बात से मुकरना नहीं चाहता, लेकिन मेरे न खेलने की संभावना बहुत ही कम है। मैं मानसिक रुप से बेहतर महसूस कर रहा हूं, लेकिन शारीरिक रुप से थक चुका हूं। मैं हल्का दर्द महसूस कर रहा हूं, लेकिन उम्मीद है कि मैं आखिरी मैच के लिए बिल्कुल फिट हो जाऊंगा।
सीरीज के सबसे सफल गेंदबाज
बेन स्टोक्स ने इस सीरीज में अब तक लगभग 140 ओवर की गेंदबाजी कर ली है जो किसी सीरीज में उनके लिए सर्वाधिक है। 17 विकेट लेकर वह इस सीरीज के सबसे सफल गेंदबाज भी हैं। स्टोक्स ने कहा कि जब वह मैदान पर होते हैं तो सबकुछ झौंक देते हैं और यही वह अपने साथी खिलाड़ी से भी उम्मीद करते हैं। उन्होंने कहा 'हम सीरीज में 2-1 से आगे हैं और एक बार हम अपना आखिरी परफॉर्मेंस देना चाहते हैं। अभी इस सीरीज में बहुत कुछ करना बाकी है।
