बीसीसीआई ने एशिया कप में टीम इंडिया की भागीदारिता को लेकर चल रही खबरों को सिरे से खारिज कर दिया है। सुबह से ऐसी खबरें चल रही थी कि टीम इंडिया एशिया कप में और महिलाओं के एमर्जिंग एशिया कप में भाग नहीं लेगी, लेकिन अब इस पर बीसीसीआई सचिव देवाजित सैकिया का बयान सामने आया है। एएनआई को दिए गए एक बयान में उन्होंने साफ किया कि इस पर अभी कोई फैसला बीसीसीआई की तरफ से नहीं लिया गया है।
बीसीसीआई सचिव देवाजित सैकिया (साभार-ANI)
सैकिया ने कहा 'आज सुबह से कुछ रिपोर्ट्स में यह कहा जा रहा है कि BCCI ने एशिया कप और महिला इमर्जिंग एशिया कप, जो कि दोनों ACC (एशियन क्रिकेट काउंसिल) के आयोजन हैं, में भाग न लेने का निर्णय लिया है। ऐसी खबरें पूरी तरह से निराधार है, क्योंकि अब तक BCCI ने इन आगामी ACC आयोजनों को लेकर न तो कोई चर्चा की है और न ही कोई निर्णय लिया है। इस समय हमारा पूरा फोकस IPL और इसके बाद होने वाली इंग्लैंड सीरीज़ पर है।
इससे पहले ऐसी खबरें आई थी कि अगले महीने श्रीलंका की मेजबानी में होने वाले इमर्जिंग महिला एशिया कप में भारत हिस्सा नहीं लेगा। इतना ही नहीं मेंस एशिया कप जोकि सितंबर में होना था, उसको लेकर भी अटकलें लगाई जा रही थी कि बीसीसीआई खेलने से मना कर सकती है। हालांकि, इसको लेकर अंतिम फैसला जल्द होने वाली एशियाई क्रिकेट काउंसिल (ACC) की बैठक में लिया जाएगा। अब बीसीसीआई ने इस तरह के सभी रिपोर्ट्स को खारिज कर दिया है।
