BCCI President Mithun Manhas: भारतीय क्रिकेट टीम ने एशियन गेम्स 2026 में इतिहास रच दिया है। शनिवार को खेले गए फाइनल में भारत ने चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 19 रनों से हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। इससे पहले भारतीय महिला टीम ने भी गोल्ड जीता था, इस तरह क्रिकेट में भारत ने डबल गोल्ड पर कब्जा किया। इस जीत के बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के अध्यक्ष मिथुन मन्हास ने टीम की जमकर तारीफ की है। फाइनल जीत के बाद मीडिया से बात करते हुए मन्हास ने कहा कि भारतीय टीम इस टूर्नामेंट की सबसे बेहतरीन टीम थी और हाई-प्रेशर वाले फाइनल में उसका प्रदर्शन काबिले-तारीफ रहा।
BCCI अध्यक्ष ने की भारतीय टीम की तारीफ (BCCI)
मिथुन मन्हास ने की महिला-पुरुष टीम की तारीफ
मिथुन मानहस ने कहा, "वे इस टूर्नामेंट की अब तक की सबसे बेहतरीन टीम हैं; हमने इससे पहले नौ बार यह खिताब जीता है और हम गत चैंपियन हैं। इस बार उन्होंने जो प्रदर्शन किया है, वह वाकई काबिले-तारीफ है। उन्होंने चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को हराया- हालांकि मुझे लगता है कि प्रतिस्पर्धा का स्तर अब वैसा नहीं रहा जैसा पहले हुआ करता था- और जिस तरह से हमारी टीम हाई-प्रेशर परिस्थितियों को संभालती है, वैसा देश की कोई दूसरी टीम नहीं कर सकती। यह बहुत खुशी का दिन है और पूरे देश को जश्न मनाना चाहिए। मैं एक बार फिर जय शाह को भी धन्यवाद देना चाहूंगा; इस टीम को बनाने में उनकी अहम भूमिका रही है- और सिर्फ पुरुष टीम ही नहीं; हमारी महिला टीम ने भी वर्ल्ड कप जीता है और उसमें भी उनका योगदान बहुत बड़ा रहा है..."
भारत ने पाकिस्तान को रौंदकर जीता गोल्ड
मैच की बात करें तो भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने 9 गेंदों में 2 छक्कों के साथ 15 रन की तेज शुरुआत दी। इसके बाद अभिषेक शर्मा ने धमाकेदार पारी खेली। उन्होंने महज 28 गेंदों में 61 रन ठोके, जिसमें 3 चौके और 7 गगनचुंबी छक्के शामिल थे।ईशान किशन ने 20 और कप्तान श्रेयस अय्यर ने 21 रनों का योगदान दिया। इसके बाद तिलक वर्मा ने 22 गेंदों में नाबाद 51 रन बनाए, जिसमें 3 चौके और 4 छक्के लगे। शिवम दुबे ने 15 गेंदों में नाबाद 27 रन बनाकर भारत को 211/6 के मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। दोनों के बीच छठे विकेट के लिए 62 रनों की अटूट साझेदारी हुई। वहीं 212 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम की शुरुआत खराब रही और वह 39 रन पर 3 विकेट गंवा चुकी थी। हसन नवाज ने अकेले दम पर संघर्ष किया और 51 गेंदों में 96 रन बनाए, जिसमें 5 चौके और 7 छक्के शामिल थे, लेकिन वह टीम को जीत नहीं दिला सके। पाकिस्तान 6 विकेट पर 192 रन ही बना सकी। भारत के लिए अक्षर पटेल और वाशिंगटन सुंदर ने शानदार गेंदबाजी की, सुंदर ने 29 रन देकर 2 विकेट लिए। शिवम दुबे ने भी 33 रन देकर 2 विकेट चटकाए।
