BAN vs SL Highlights: बांग्लादेश ने आर प्रेमदासा क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए रोमांचक मुकाबले में श्रीलंका को 16 रन से हरा दिया। इस जीत के साथ ही 3 मैच की वनडे सीरीज में दोनों टीम ने बराबरी कर ली। श्रीलंका के सामने जीत के लिए 249 रन का लक्ष्य था, लेकिन श्रीलंका की टीम 232 रन बनाकर ढेर हो गई। आर प्रेमदासा क्रिकेट स्टेडियम में वनडे में यह बांग्लादेश की पहली जीत है। बांग्लादेश की ओर से तनवीर इस्लाम इस जीत के हीरो रहे जिन्होंने 5 विकेट चटकाए। तंजीम हसन शाकिब ने 2 विकेट चटकाए। श्रीलंका की ओर से सर्वाधिक 78 रन की पारी जनिथ लियानागे ने खेली। इसके अलावा कुसल मेंडिस ने 31 गेंद में ताबड़तोड़ 56 रन की पारी खेली। इन दोनों के अलावा श्रीलंका का कोई भी बल्लेबाज ज्यादा देर तक टिक नहीं पाया।
बांग्लादेश बनाम श्रीलंका (साभार- X)
इससे पहले बांग्लादेश ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और परवेज हुसैन एमोन और तोहिद ह्रदोय की अर्धशतकीय पारी के दम पर 45.5 ओवर में 248 रन बनाए। हुसैन ने 69 गेंद में 6 चौके और 3 छक्के की मदद से 67 रन की पारी खेली। इसके अलावा तोहिद ह्रदोय ने 51 रन की पारी खेली।
