Babar Azam's Statement: बाबर आजम की कप्तानी वाली पाकिस्तान क्रिकेट टीम को टीम इंडिया के खिलाफ न्यूयॉर्क में खेले गए मुकाबले में 6 रन के करीबी अंतर से हार का सामना करना पड़ा। टीम इंडिया को धमाकेदार गेंदबाजी करते हुए 19 ओवर में 119 रन पर ढेर करने के बाद पाकिस्तानी बल्लेबाज जीत के लिए 120 रन के लक्ष्य को हासिल करने में नाकाम रहे। जसप्रीत बुमराह की अगुआई वाले टीम इंडिया के बॉलिंग अटैक ने पाकिस्तानी टीम को घुटनों के बल ला खड़ा किया। पाकिस्तानी टीम की यह टी20 विश्व कप में लगातार दूसरी हार है। इससे पहले अमेरिका ने उसे सुपर ओवर तक गए मुकाबले में 5 रन से रौंद दिया था अब भारत के खिलाफ वो जीत हासिल करने में 6 रन से चूक गया। ऐसे में पाकिस्तान के सुपर-8 राउंड में पहुंचने के अरमानों पर पानी फिरता दिख रहा है।
भारत बनाम पाकिस्तान
भारतीय गेंदबाजों ने आखिरी 10 ओवर में की शानदार गेंदबाजी
पाकिस्तान की 6 रन के अंतर से शर्मनाक हार के बाद पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम ने हार का ठीकरा बल्लेबाजों के सिर पर फोड़ा। बाबर ने जीत का श्रेय टीम इंडिया के गेंदबाजों के देते हुए कहा, मुझे लगता है कि उन्होंने 10 ओवर के बाद शानदार गेंदबाजी की। हम 120 रन के लक्ष्य का पीछा कर रहे थे। हमने पहले 10 ओवरों में एक गेंद में एक रन के हिसाब से बनाए। लेकिन लगातार विकेट गंवाने के बाद हमारे लिए अंत में बहुत रन बनाने के लिए रह गए।
सामान्य थी हमारी योजना, डॉट गेंदों ने बढ़ाया दबाव
बाबर ने अपनी टीम की रणनीति के बारे में चर्चा करते हुए कहा, हमारी योजना बेहद सामान्य थी कि सामान्य तरीके से खेले, स्ट्राइक रोटेट करें और प्रतिओवर 5 से 6 रन बनाए। लेकिन इस दौरान हमने बहुत सारी डॉट गेंदें खेलीं ऐसे में दबाव हमारे ऊपर वापस आ गया। हमने जल्दी जल्दी तीन विकेट गंवा दिए। ऐसे में हम पुछल्ले बल्लेबाजों से ज्यादा अपेक्षा नहीं कर सकते।
पॉवरप्ले में नहीं बना पाए उम्मीद के मुताबिक रन
टीम की बल्लेबाजी के बारे में चर्चा करते हुए बाबर ने कहा, हम पहले 6 ओवर में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सके। हमारा लक्ष्य 40-45 रन का था हम स्थितियों का सही तरीके से फायदा नहीं उठा सके। अंत में बाबर ने पिच के बारे में कहा, पिच अच्छी दिख रही थी। गेंद बल्ले पर आसानी से आ रही थी। गेंद में थोड़ी गति कम थी कुछ गेंदें में थोड़ा अधिक उछाल था। लेकिन आप ड्रॉप-इन पिच पर ऐसे बाउंस की अपेक्षा कर सकते हैं।
