Ayush Mhatre Record: क्रिकेट में रिकॉर्ड बनते ही हैं टूटने के लिए, एक ऐसा ही रिकॉर्ड मंगलवार को लिस्ट ए क्रिकेट में टूटा। यह रिकॉर्ड विजय हजारे क्रिकेट टूर्नामेंट में मुंबई के 17 साल के खिलाड़ी ने तोड़ा। वह नगालैंड के खिलाफ विजय हजारे ट्रॉफी मैच के दौरान लिस्ट ए क्रिकेट में 150 से अधिक रन बनाने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए। उन्होंने अपने साथी खिलाड़ी यशस्वी जयसवाल के रिकॉर्ड को पीछे छोड दिया।
आयुष म्हात्रे (साभार-Instagram)
म्हात्रे ने यह कारनामा 17 साल और 168 दिन की उम्र में किया। इससे पहले भारतीय सलामी बल्लेबाज जायसवाल ने 17 साल और 291 दिन की उम्र में यह रिकॉर्ड बनाया था। उन्होंने 2019 में झारखंड के खिलाफ मुंबई के लिए खेलते हुए यह उपलब्धि हासिल की थी। इस सत्र की शुरुआत में घरेलू दिग्गज मुंबई के लिए पदार्पण करने वाले म्हात्रे ने 11 छक्कों और 15 चौकों की मदद से केवल 117 गेंदों पर 181 रन बनाए। उनकी इस पारी से मुंबई ने 50 ओवर में सात विकेट पर 403 रन बनाये।
मुंबई के विरार उपनगर के रहने वाले म्हात्रे ने इस सत्र की शुरुआत में टीम में शामिल होने के बाद से सभी प्रारूपों में शानदार प्रदर्शन किया है। वह ईरानी कप विजेता मुंबई टीम का हिस्सा थे जिसने अक्टूबर में 27 साल के अंतराल के बाद शेष भारत को हराकर ट्रॉफी जीती थी। रणजी ट्रॉफी में अपने पदार्पण पर म्हात्रे ने 71 गेंदों में 52 रनों की शानदार पारी खेली लेकिन मुंबई ने यह सत्र का पहला मैच बड़ौदा के खिलाफ गंवा दिया।
म्हात्रे ने इसके बाद महाराष्ट्र के खिलाफ 232 गेंदों में 22 चौकों और चार छक्कों की मदद से 176 रनों की शानदार पारी खेली जिससे मुंबई यह मैच नौ विकेट से जीता था। वह इसके बाद त्रिपुरा और ओडिशा के खिलाफ प्रभाव नहीं छोड़ सके थे लेकिन सेना के खिलाफ 149 गेंद में 116 रन की पारी के साथ प्रथम श्रेणी में अपना दूसरा शतक ठोका।
उन्होंने इसके बाद अंडर-19 एशिया कप में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया। म्हात्रे ने जापान (54) और यूएई (नाबाद 67) के खिलाफ अर्धशतकीय पारियां खेली लेकिन बांग्लादेश के खिलाफ फाइनल में सस्ते में आउट हो गये। वह सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी में नहीं खेले लेकिन उन्होंने 50 ओवर के राष्ट्रीय टूर्नामेंट में कर्नाटक के खिलाफ 78 रन की शानदार पारी के साथ वापसी की।
