IND vs AUS WTC Final 2023: हाल में समाप्त हुए आईपीएल 2023 में भारतीय ऑलराउंडर अक्षर पटेल ने अपनी स्पिन गेंदबाजी के साथ-साथ बल्लेबाजी और फील्डिंग में भी खूब जलवा बिखेरा, हालांकि उनकी टीम सबसे पहले प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो गई थी। फिर भी अक्षर की खूब तारीफ हुई थी। अब टीम इंडिया लंदन के ओवल मैदान में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल मैच खेल रही है, लेकिन अक्षर को प्लेइंग-11 में जगह नहीं मिली। मैच के दूसरे दिन अक्षर सब्सटिट्यूट खिलाड़ी के रूप में मैदान के अंदर आए तो कुछ ही मिनटों में अपनी छाप छोड़ने में सफल हो गए।
अक्षर पटेल (ICC)
अक्षर पटेल सब्सटिट्यूट खिलाड़ी के रूप में मैदान पर फील्डिंग करने उतरे तो जाहिर तौर पर वो गेंदबाजी तो कर नहीं कर सकते थे, ऐसे में सिर्फ फील्डिंग ही वो जरिया था जहां वो अपनी छाप छोड़ सकते थे, बस वही हो गया। मिचेल स्टार्क 19 गेंदों में 5 रन बनाकर पिच पर टिके हुए थे और साझेदारी खड़ी करने का प्रयास कर रहे थे।
तभी स्टार्क ने एक हल्का सा शॉट मिड ऑफ दिशा में बाएं तरफ खेला और रन के लिए आवाज लगा दी। वो दौड़ पड़े लेकिन ये भूल गए कि सामने अक्षर पटेल फील्डिंग कर रहे थे जो कि खुद भी एक बाएं हाथ के खिलाड़ी हैं। अक्षर ने शानदार अंदाज में गेंद उठाई और इससे पहले कि स्टार्क क्रीज के करीब भी पहुंच पाते अक्षर ने एक शानदार थ्रो से सीधे विकेट बिखेरते हुए रन आउट को अंजाम दिया।
देखिए उस शानदार रन-आउट का वीडियो
इस रन आउट के तुरंत बाद अक्षर पटेल फिर मैदान के बाहर चले गए। हालांकि कुछ देर बाद उनको फिर मैदान पर बुलाना पड़ा। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच इस डब्ल्यूटीसी फाइनल में ऑस्ट्रेलियाई टीम ने पहले दिन शुरुआती तीन विकेट गंवाए तो लगा टॉस जीतकर गेंदबाजी लेने का फैसला सही था लेकिन बाद में स्थिति पलटती चली गई।
ऑस्ट्रेलिया की तरफ से ट्रेविस हेड और स्टीव स्मिथ ने शानदार शतक जड़े और भारत की उम्मीदों पर पानी फेरना शुरू कर दिया। धीरे-धीरे ऑस्ट्रेलियाई टीम ने अपने कदम एक विशाल स्कोर की तरफ बढ़ा दिए।
