AUS W vs ENG W, ODI World Cup 2025 Match Highlights: ऑस्ट्रेलिया का विजय अभियान जारी, एशले गार्डनर और एनाबेल सदरलैंड ने दिलाई इंग्लैंड के खिलाफ जीत

डिफेंडिंग चैंपियन ऑस्ट्रेलिया का महिला वनडे विश्व कप 2025 में विजय अभियान इंग्लैंड के खिलाफ भी जारी रहा। जानिए कैसा रहा मैच का हाल।

इंदौर: हरफनमौला एशले गार्डनर और एनाबेल सदरलैंड ने गेंद से आपस में पांच विकेट साझा करने के बाद बल्ले से 180 रन की आक्रामक अटूट साझेदारी करके ऑस्ट्रेलिया को इंग्लैंड पर महिला वनडे विश्व कप मैच में बुधवार को छह विकेट की आसान जीत दिला दी। स्पिनरों अलाना किंग (20 रन पर एक विकेट), सोफी मोलिनक्स (52 रन पर दो विकेट), गार्डनर (39 रन पर दो विकेट) और मध्यम तेज गेंदबाज सदरलैंड (60 रन पर तीन विकेट) ने इंग्लैंड को टैमी ब्यूमोंट (78) की अर्धशतकीय पारी के बावजूद नौ विकेट पर 244 रन पर रोक दिया।

Australia Women Cricket team

एनाबेल सदरलैंड और एशले गार्डनर

ऑस्ट्रेलिया ने लक्ष्य का पीछा करते हुए छह ओवर के अंदर 24 रन पर तीन और फिर 68 रन पर चार विकेट गंवा दिये थे लेकिन सदरलैंड ने संयम से नाबाद 98 रन की पारी खेली जबकि गर्डनर ने 73 गेंद की नाबाद आक्रामक पारी में 104 रन बनाकर टीम को 57 गेंद शेष रहते जीत दिला दी। ऑस्ट्रेलिया ने इस तरह टूर्नामेंट में अब तब अजेय रहते हुए तालिका में शीर्ष पर अपनी स्थिति और मजबूत कर ली। लॉरेन बेल (48 रन पर एक विकेट) और लिंसी स्मिथ (43 रन पर दो विकेट) ने छह ओवर के अंदर तीन विकेट लेकर ऑस्ट्रेलिया को मुश्किल में डाल दिया था लेकिन सात बार के विश्व चैंपियन ने अपनी मजबूत बल्लेबाजी का नजारा पेश करते हुए एक बार फिर साबित किया कि टूर्नामेंट में उसके और अन्य टीमों में बड़ा अंतर है।

End of Feed