SA vs AUS 1st Test Day 3 Highlights: ऑस्ट्रेलिया ने मजबूत की दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट में मजबूत की पकड़

ऑस्ट्रेलिया ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज के पहले टेस्ट के तीसरे दिन 139 रन की बढ़त हासिल करके मैच में अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। जानिए कैसा रहा दिन के खेल का हाल?

डरबन: कप्तान पैट कमिंस की अगुआई में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के बाद अपनी दूसरी पारी में बिना किसी नुकसान के 33 रन बनाकर ऑस्ट्रेलिया ने पहले क्रिकेट टेस्ट के तीसरे दिन रविवार को दक्षिण अफ्रीका पर 139 रन की बढ़त हासिल कर ली। कमिंस ने 54 रन देकर तीन विकेट झटके, जबकि मिचेल स्टार्क (63 रन पर दो विकेट), जोश हेजलवुड (54 रन पर दो विकेट) और नाथन लॉयन (58 रन पर दो विकेट) ने भी उपयोगी योगदान दिया जिससे दक्षिण अफ्रीका की पहली पारी 284 रन पर सिमट गई। ऑस्ट्रेलिया ने अपनी पहली पारी में 390 रन बनाये थे। दूसरी पारी में स्टंप्स के समय निक मैडिनसन 17 और ट्रेविस हेड 10 रन बनाकर क्रीज पर थे। खराब रोशनी के कारण एक बार फिर खेल जल्दी रोकना पड़ा।

South Africa vs Australia

दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया (फोटो क्रेडिट @ProteasMenCSA X)

डेविड बेडिंघम ने खेली मेजबान टीम के लिए सबसे बड़ी पारी

दक्षिण अफ्रीका की ओर से डेविड बेडिंघम ने 73 गेंदों में सबसे ज्यादा 49 रन बनाए। दक्षिण अफ्रीका का स्कोर आठ विकेट पर 197 रन था और टीम बड़ी मुश्किल में नजर आ रही थी लेकिन केशव महाराज और साइमन हार्मर ने नौवें विकेट के लिए 52 रन जोड़कर टीम को कुछ राहत दिलाई। महाराज ने 34 रन बनाए, जबकि हार्मर 35 रन बनाकर नाबाद रहे। दोनों की साझेदारी ने दक्षिण अफ्रीका को फॉलोऑन के खतरे से बाहर निकलने में मदद की।

115 रन पर दक्षिण अफ्रीका ने गंवा दिए थे चार विकेट

दूसरे दिन एक विकेट पर 27 रन से आगे खेलने उतरी दक्षिण अफ्रीकी टीम ने तीसरे दिन लंच तक 115 रन तक पहुंचने में चार विकेट गंवा दिये थे। बीते दिन के नाबाद बल्लेबाज एडेन मारक्रम और बेडिंघम ने 57 रन जोड़े। ऑस्ट्रेलिया को पहली सफलता 21वें ओवर में मिली जब मारक्रम (37) मिचेल स्टार्क की गेंद पर स्लिप में कैच दे बैठे। इसके बाद टेम्बा बावुमा (3) लॉयन की गेंद पर रिवर्स स्वीप खेलने के प्रयास में स्टीव स्मिथ को कैच थमा बैठे।

पहली पारी में 284 रन पर सिमटा दक्षिण अफ्रीका

कमिंस ने बेडिंघम को स्लिप में स्मिथ के हाथों कैच कराकर दक्षिण अफ्रीका को तीसरा बड़ा झटका दिया। स्मिथ ने इस दौरान शानदार कैच लपका। कमिंस ने लंच के बाद वियान मुल्डर (30) और ट्रिस्टन स्टब्स (32) को भी चलता किया। दोनों ने साथ छठे विकेट के लिए 56 रन जोड़े थे। काइल वेरेन (13) लियोन का शिकार बने जबकि 20 गेंदों में छह चौकों की मदद से 26 रन बनाने वाले मार्को यानसन हेजलवुड की गेंद पर कैच दे बैठे। चाय तक दक्षिण अफ्रीका का स्कोर आठ विकेट पर 238 रन था। इसके बाद महाराज और हार्मर ने नौवें विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी की। स्टार्क ने महाराज को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा।

(भाषा)

End Article
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रका...

End of Feed