AUS vs ENG Highlights: ऑस्ट्रेलिया ने एशेज में 2-0 की बढ़त हासिल कर ली है। ब्रिसबेन टेस्ट के चौथे दिन उसने जरूरी 65 रन 2 विकेट खोकर हासिल कर लिया। इंग्लैंड की पहली पारी 334 रन के जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 177 रन की अहम बढ़त हासिल की थी। जिसके दबाव में इंग्लैंड की दूसरी पारी भी बिखर गई। बेन स्टोक्स और विल जैक्स के संघर्ष के बावजूद इंग्लैंड टीम दूसरी पारी में 241 रन ही बना पाई और ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए 65 रन का आसान लक्ष्य मिला, जिसे उसने 10 ओवर में 1 विकेट खोकर हासिल कर लिया। जेक वेदरलैंड 17 और स्टीव स्मिथ 23 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि ट्रेविस हेड 22 रन की पारी खेलकर आउट हुए।
ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड (साभार-AP)
इससे पहले ब्रिसबेन में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड ने जो रूट के रिकॉर्डतोड़ 138 और जैक क्राउली के 76 रन की पारी के दम पर 334 रन बनाए। लेकिन ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों के लिए ये रन काफी नहीं निकले। इंग्लैंड गेंदबाजों ने निराश किया और ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 511 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। 5 बल्लेबाजों ने अर्धशतक लगाए जबिक 97 साल के इतिहास में पहली बार सभी 11 बल्लेबाज दहाई के आंकड़े तक पहुंचे।
दूसरी पारी में भी फेल इंग्लैंड
दूसरी पारी में इंग्लैंड के बल्लेबाजों खासतौर से बेन स्टोक्स और विल जैक्स ने खूब संघर्ष किया, लेकिन यह हार टालने के लिए काफी नहीं था। दूसरी पारी में जैक क्राउली और बेन डकेट ने पहले विकेट के लिए 48 रन जोड़कर इंग्लैंड को अच्छी शुरुआत दी। एक वक्त इंग्लैंड का स्कोर 1 विकेट के नुकसान पर 89 रन था, लेकिन उसके बाद उसने 38 रन के भीतर 6 विकेट गंवा दिए।
बेन स्टोक्स और विल जैक्स का संघर्ष
128 रन के स्कोर पर 6 विकेट गंवा चुकी इंग्लैंड पर पारी की हार का खतरा मंडरा रहा था, लेकिन बेन स्टोक्स और विल जैक्स ने बल्ले से संघर्ष किया और इसे कुछ घंटों तक टालने में सफलता पाई। दोनों ने 221 गेंद खेलकर 96 रन की साझेदारी की। लेकिन जैसी ही विल जैक्स आउट हुए इंग्लैंड की पारी एकबार फिर लड़खड़ा गई और 241 रन बनाकर ढेर हो गई। कप्तान स्टोक्स ने सर्वाधिक 50 रन की पारी खेली।
