Asian Para Games 2026: मंगलवार का दिन भी रहा शानदार, 35 मेडल के साथ छठे पोजीशन पर भारत

एशियन पैरा गेम्स 2026 में मंगलवार का दिन भी भारत के नाम रहा। पहले दिन भारत ने 11 मेडल जीते थे जो दूसरे दिन 35 तक पहुंच गए हैं। भारत के निषाद कुमार ने लंबी कूद के बाद ऊंची कूद स्पर्धा में भी गोल्ड जीता।

निषाद कुमार और दीप्ति जीवनजी जैसे अनुभवी खिलाड़ियों की अगुवाई में भारत ने एशियाई पैरा खेलों की एथलेटिक्स प्रतियोगिता में मंगलवार को यहां पांच स्वर्ण पदक जीते जिससे देश के कुल पदकों की संख्या 35 पर पहुंच गई। भारत ने दिन के पांचों स्वर्ण पदक एथलेटिक्स में जीते जिसमें निषाद कुमार का मौजूदा खेलों में दूसरा स्वर्ण पदक भी शामिल है। निषाद ने लंबी कूद टी47 में स्वर्ण पदक जीतने के बाद मंगलवार को ऊंची कूद में भी शीर्ष स्थान हासिल किया। इस तरह से वह एक ही पैरा एशियाई खेलों की दो स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीतने वाले केवल तीसरे भारतीय बन गए। उन्होंने 2.04 मीटर की छलांग लगाकर खेलों का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। दूसरे दिन के अंत में भारत 35 पदकों के साथ तालिका में छठे स्थान पर था, जिनमें नौ स्वर्ण, 11 रजत और 15 कांस्य पदक शामिल थे। इस कुल पदकों में एथलेटिक्स का योगदान फिलहाल 20 है।

asian para games

एशियन पैरा गेम्स (साभार-x)

दीप्ति ने 56.36 सेकंड के खेलों के नए रिकॉर्ड के साथ महिलाओं की 400 मीटर टी20 स्पर्धा में लगातार दूसरा स्वर्ण पदक जीतकर महाद्वीपीय स्तर पर अपनी श्रेष्ठता फिर से साबित की। तेलंगाना की 23 वर्षीय यह खिलाड़ी पूर्व विश्व चैंपियन हैं और उन्होंने 2024 पैरालंपिक खेलों में कांस्य पदक जीता था। दृष्टिबाधित सिमरन (महिलाओं की 200 मीटर टी12), व्हीलचेयर पर निर्भर प्रणव सूरमा (एफ51/52/53 चक्का फेंक) और देवेंद्र कुमार (एफ44/64 चक्का फेंक) ने भी स्वर्ण पदक जीते। पैरालिंपिक कांस्य पदक विजेता सिमरन ने 24.80 सेकंड के समय के साथ खेलों का रिकॉर्ड तोड़ दिया। खेलों में पहली बार भाग ले रही तेजलबेन दामोर ने मध्यम दृष्टिबाधित एथलीटों की इस स्पर्धा में 25.23 सेकंड के अपने व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ समय के साथ कांस्य पदक जीता।

End of Feed