शुभमन गिल के जन्मदिन पर आशीष नेहरा ने कहे खास शब्द, भारतीय कोच बनने की उम्मीद पर भी दी प्रतिक्रिया

Ashish Nehra On Shubman Gill And Team India Coach Ambitions: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व तेज गेंदबाज व आईपीएल में गुजरात टाइटंस के मुख्य कोच आशीष नेहरा ने शुभमन गिल के जन्मदिन के मौके पर उनके लिए खास शब्द कहे। साथ ही इस सवाल का जवाब भी दिया कि क्या वो भारतीय क्रिकेट टीम का कोच बनना चाहेंगे।

गुजरात टाइटन्स के हेड कोच आशीष नेहरा ने कहा कि भारत के टेस्ट और वनडे कप्तान शुभमन गिल एक लीडर के तौर पर अभी भी "सीखने के दौर" में हैं और अनुभव के साथ बेहतर होते जाएंगे। गौरतलब है कि आज (मंगलवार) शुभमन गिल अपना 27वां जन्मदिन मना रहे हैं। आशीष नेहरा ने कोच के तौर पर कप्तान हार्दिक पांड्या के साथ 2022 में गुजरात टाइटन्स के IPL में आने के बाद एक बहुत सफल कप्तान-कोच पार्टनरशिप बनाई थी। उन्होंने टीम को अपने पहले ही सीजन में खिताब जिताया और 2023 में फिर से फाइनल तक पहुंचाया। पांड्या के जाने के बाद गिल के लिए गुजरात का कप्तान बनने का रास्ता साफ हुआ, और इस युवा खिलाड़ी ने पिछले IPL सीजन में टीम को रनर-अप (उपविजेता) बनाया।

Ashish Nehra On Shubman Gill And Hopes To Become Team India Head Coach

शुभमन गिल और आशीष नेहरा (BCCI)

पांड्या और गिल की तुलना करते हुए नेहरा ने कहा, "वे दोनों बहुत अलग हैं। आप उत्तर ध्रुव और दक्षिण ध्रुव की बात कर रहे हैं। वे दोनों मेरी तरह ही थे, ऐसे नहीं जिन्होंने बहुत ज़्यादा कोचिंग की हो। उन दोनों ने ज़्यादा कप्तानी नहीं की थी, लेकिन आप आगे बढ़ते हुए सीखते हैं, और अचानक कोई भारत के लिए दो फॉर्मेट में कप्तानी करने लगता है। वह और बेहतर ही होगा।" भारत के पूर्व तेज गेंदबाज क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल (CAB) के सालाना अवॉर्ड समारोह के दौरान बोल रहे थे, जहां वे स्पेशल गेस्ट थे।

End of Feed