Ashes 2025: इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच प्रतिष्ठित एशेज सीरीज का दूसरा टेस्ट 4 दिसंबर से ब्रिस्बेन के गाबा में शुरू होने जा रहा है। इस मुकाबले से पहले ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिए बड़ी खबर सामने आ रही है। पीठ की चोट के कारण लंबे समय से क्रिकेट से दूर चल रहे कप्तान पैट कमिंस इस गाबा टेस्ट से टीम में वापसी कर सकते हैं, जिससे ऑस्ट्रेलिया की ताकत में काफी इजाफा होगा।
पैट कमिंस (फोटो- ICC)
कमिंस की वापसी से बढ़ेगी ऑस्ट्रेलिया की ताकत
'द वेस्ट ऑस्ट्रेलियन' की एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि ऑस्ट्रेलिया की दूसरे टेस्ट के लिए घोषित होने वाली टीम में पैट कमिंस का नाम शामिल होगा। कमिंस की वापसी के अलावा, दूसरे टेस्ट के लिए घोषित होने वाली अंतिम एकादश (प्लेइंग इलेवन) में कोई बड़ा बदलाव दिखने की उम्मीद नहीं है।
पहले यह आशंका जताई जा रही थी कि सितंबर में लगी पीठ की इंजरी के कारण पैट कमिंस को एशेज के पाँचों टेस्ट से बाहर रहना पड़ सकता है, लेकिन कमिंस ने वापसी के लिए कठिन प्रयास किया है। कमिंस की वापसी से ऑस्ट्रेलिया की गेंदबाजी आक्रमण को मजबूती मिलेगी और निचले क्रम की बल्लेबाजी भी सुधरेगी। अगर वह वापसी करते हैं, तो कप्तानी की जिम्मेदारी एक बार फिर उन्हीं के पास होगी, जो फिलहाल स्टीव स्मिथ संभाल रहे हैं।
ब्रेंडन डॉजेट को बैठना पड़ सकता है बाहर
अगर कप्तान पैट कमिंस प्लेइंग इलेवन में वापसी करते हैं, तो युवा तेज गेंदबाज ब्रेंडन डॉजेट को बाहर बैठना पड़ सकता है।क्रिकेट.कॉम.एयू से बात करते हुए ब्रेंडन डॉजेट ने गुरुवार को कहा कि कमिंस ठीक हो रहे हैं, लेकिन अगर वह गाबा टेस्ट के लिए जगह नहीं बना पाते हैं, तो वह इस मौके का फायदा उठाने के लिए मानसिक रूप से पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने कहा, "फिलहाल हम जीत का मजा ले रहे हैं और सभी को अपने परिवारों के पास वापस जाने दे रहे हैं। हम रविवार को ब्रिस्बेन पहुंचेंगे।"
डॉजेट ने पर्थ में खेले गए पहले टेस्ट में अपनी गेंदबाजी से प्रभावित किया था। भले ही मिचेल स्टार्क की तूफानी गेंदबाजी के आगे उनका प्रदर्शन थोड़ा दब गया था, लेकिन उनके आंकड़े शानदार थे। डॉजेट ने पर्थ टेस्ट की पहली पारी में 2 और दूसरी पारी में 3 विकेट लिए थे।
