17 साल के आर्यन शर्मा का खुशी का ठिकाना नहीं है, क्योंकि वह ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 के खिलाफ मुकाबले खेल रहे हैं। विराट कोहली से प्रेरित होने वाले आर्यन इसलिए भी खुश हैं, क्योंकि 7 साल पहले जो उन्होंने कहा था, आज उनका वो सपना पूरा हो गया है। आर्यन ने बॉक्सिंग-डे टेस्ट से जुड़ा एक किस्सा सुनाया है जब वह विराट कोहली को खेलते देखने के लिए स्टेडियम में मौजूद थे। उनके हाथ में एक तख्ती थी, जिसमें लिखा था, माय इंस्पेरेशन विराट, आप मुझे 2025 में ऑस्ट्रेलिया के लिए खेलते देखेंगे। 7 साल बाद ऑस्ट्रेलिया का प्रतिनिधित्व करने का उनका सपना रविवार को पूरा हुआ, जब वह 3 मैच की यूथ वनडे सीरीज में भारतीय अंडर-19 टीम के खिलाफ खेलने उतरे।
विराट कोहली (साभार- ANI)
2018 में एमसीजी में हुए बॉक्सिंग-डे टेस्ट के दौरान आर्यन वहां मौजूद थे और तब उनकी उम्र 11 साल थी। 17 साल के इस खिलाड़ी ने वह मैच देखा था, जिसमें विराट ने क्रीज पर धमाल मचाते हुए पहली पारी में 82 रनों की पारी खेली थी, जिसने भारत की 137 रनों की यादगार जीत की नींव रखी थी।
क्रिकेट डॉट कॉम डॉट एयू के अनुसार आर्यन ने कहा, "2018 में, सिर्फ 11 साल की उम्र में, मैं बॉक्सिंग डे टेस्ट मैच देखने एक पोस्टर के साथ गया था, जिसमें लिखा था, विराट, तुम मेरी प्रेरणा हो। मुझे 2025 में ऑस्ट्रेलिया के लिए खेलते हुए देखेंगे। मुझे नहीं पता कि मैंने वह साल 2025 ही क्यों चुना, लेकिन यह मेरा सपना था। अब 2025 में, भगवान की कृपा, मेरे परिवार के समर्थन और वर्षों की कड़ी मेहनत के माध्यम से, मुझे ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 टीम के लिए चुना गया है।"
ऑस्ट्रेलिया के लिए अपने पहले मैच में, आर्यन ने 14 गेंदों पर 10 रन बनाए, जिसमें एक चौका भी शामिल था। गेंदबाजी में उन्होंने 9.00 की इकॉनमी से 36 रन दिए और विकेटलेस रहे। भारत ने यह मुकाबला सात विकेट से जीता था।
