Anushka Sharma viral post for Virat Kohli: आईसीसी वनडे विश्व कप 2023 में सोमवार को खेले गए मुकाबले में भारतीय क्रिकेट टीम ने 20 साल बाद न्यूजीलैंड को वनडे विश्व कप में शिकस्त दी। भारत ने कीवी टीम को 4 विकेट से शिकस्त दी। इस मैच में जहां गेंदबाजी में मोहम्मद शमी ने अपना पहला मैच खेलते हुए कहर ढाया और 5 विकेट झटके, वहीं बल्लेबाजों में एक बार फिर विराट कोहली चमके, हालांकि वो अपने शतक से 5 रन से चूक गए। फिर भी विराट कोहली ने एक बार फिर दिखा दिया कि लक्ष्य का पीछा करने में उनसे बेहतर और कोई नहीं। इसी को लेकर उनकी पत्नी अनुष्का शर्मा (Anushka Sharma) ने एक सोशल मीडिया पोस्ट किया जो अब वायरल है।
विराट कोहली और अनुष्का शर्मा (Instagram)
विराट कोहली ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 104 गेंदों में 95 रनों की पारी खेली, लेकिन लक्ष्य के बेहद करीब थे तब वो 48वें ओवर में मैट हेनरी की गेंद पर कैच आउट हो गए। अगर विराट अपना शतक पूरा कर लेते तो वो महान सचिन तेंदुलकर के सर्वाधिक 49 वनडे शतक की बराबरी कर लेते। विराट कोहली इस विश्व कप में लक्ष्य का पीछा करते हुए एक शतक जड़ चुके हैं और एक बार फिर उन्होंने दिखाया कि चेज करने में वो लाजवाब है।
विराट की पत्नी अनुष्का शर्मा ने सोशल मीडिया पर दो स्टोरी पोस्ट की जिसमें उन्होंने विराट कोहली के 95 पर आउट होने के बाद अपनी भावनाएं व्यक्त की। अनुष्का ने एक स्टोरी में लिखा, "तुम पर हमेशा गर्व है"। वहीं एक दूसरी स्टोरी में उन्होंने विराट कोहली को एक नया नाम दे डाला- स्टॉर्मचेजर (Stormchaser)।
भारतीय क्रिकेट टीम ने विश्व कप 2023 में अब तक एक भी एक मैच नहीं गंवाया है। टीम इंडिया ने सबसे पहले ऑस्ट्रेलिया को शिकस्त दी, उसके बाद पाकिस्तान, अफगानिस्तान, बांग्लादेश और अब न्यूजीलैंड को हराकर अंक तालिका में 10 अंकों के साथ शीर्ष पर काबिज है।
